रायपुर/ छत्तीसगढ़ राज्य बिजली नियामक आयोग ने वर्ष 2022-23 के लिए बिजली की नई दरें घोषित की है. इसमें घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली के दरों में 10 पैसे प्रति यूनिट और उद्योगों के लिए 15 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है.
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कम्पनी के वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 725 करोड़ के घाटे के दावे को अमान्य करते हुए 108 करोड़ को ही मान्य किया है. वहीं राज्य के स्वामित्व वाली तीनों विद्युत कंपनियों ने अपनी टैरिफ याचिका के आधार पर वर्ष 2022-23 के लिए 1004 करोड़ रुपए के राजस्व घाटे की आपूर्ति का प्रस्ताव दिया था, जिसके स्थान पर 386 करोड़ रुपए राजस्व घाटे का अनुमोदन किया है. इसके अलावा आयोग ने विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा मांगी गई 19336.76 करोड़ रुपए की वार्षिक राजस्व आवश्यकता को घटाकर 17115.85 करोड़ रुपए मान्य किया है
