धमतरी। छ.ग रामनवमी पर्व का उत्साह देखते ही बनता है। इस पर्व में लोगों को जोड़ने के लिए विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा बड़े पैमाने पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। रामनवमी की तिथि के पूर्व से ही इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। 10 अप्रैल को मनाए जाने वाली रामनवमीं पर्व को लेकर भगवा ध्वज, गमछा, कुर्ता, टोपी सहित अन्य भगवा रंग के कपड़ों की बिक्री हो रही है, पढ़े विस्तार से..।
जानकारी के अनुसार धमतरी भगवा रंग के कपड़ों का व्यवसाय लगभग एक करोड़ तक होता है। धमतरी जिले के कुरुद, मगरलोड, नगरी ब्लाक में रामनवमीं के अवसर पर भगवा रंग के झंडे, कुर्ता व अन्य सामानों की बिक्री होती है। पर्व को लेकर विभिन्न आयोजन समितियों द्वारा तैयारियां की जा रही है। विभिन्न धार्मिक संगठनों के सामूहिक रूप से इस पर्व को हर साल आयोजित किया जाता है।
रामनवमीं में अधिकांश इस दिन भगवा रंग में रंग जाना चाहते हैं। धमतरी जिले में कोरोना काल को छोड़कर यह पर्व बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। लोगों में खासा उत्साह देखने को मिलता है। इस दिन खासकर युवा पूरी तरह भगवा रंग में रंग जाना चाहते हैं, यही कारण है कि इस दिन युवाओं की टोली भगवा रंग के कुर्ता, पैजामा, गमछा में दिखाई देती है। धमतरी शहर के व्यापारियों ने बताया कि इस खास दिन की तैयारी पखवाड़े भर से शुरू हो जाती है। दुकानों में भगवा रंग के कपड़े की बिक्री शुरू हो जाती है।
एक हजार मीटर लंबाई तक बिक रहा कपड़ा. .
थोक कपड़ा विक्रेता राहुल जसूजा ने बताया कि इन दिनों प्रतिदिन भगवा रंग का कपड़ा एक हजार मीटर तक कई प्रमुख दुकानों में बिक रहा है।युवाओं की टोली 50 से 100 लोगों के लिए एक साथ कुर्ता खरीद कर ले जाती है। इसी तरह घरों में लगाने के लिए अलग से भगवा ध्वज खरीद कर लोग ले जाते हैं। कई समितियों के अलावा कई लोग स्वेच्छा से बांटने के लिए बड़ी तादाद में इसे खरीदते हैं।
थोक कपड़ा विक्रेता नंदू जसवानी ने बताया कि समितियों द्वारा बड़े पैमाने पर भगवा रंग के झंडे, कुर्ते, व कपड़े की खरीदी की जाती है। इसके अलावा अन्य लोग भी कपड़ा खरीदते हैं। कपड़ा विक्रेता राजेश देवांगन ने बताया कि सप्ताह भर से भगवा रंग के झंडे, गमछा की पूछ परख बढ़ गई है। अक्सर राम नवमी के अवसर पर इन कपड़ों की अच्छी बिक्री हो जाती है। खंभों में लगने वाले व अन्य स्थानों पर लगने वाली झंडे की बिक्री हो रही है।
