रायपुर। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में आयोजित पेंशन दृष्टा सम्मान समारोह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सम्मान किया। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने पुरानी पेंशन योजना को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लिया गया। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 3 लाख शासकीय सेवकों के परिवार का भविष्य सुरक्षित हो गया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुझे यह जानकर बड़ी खुशी है कि पुरानी पेंशन योजना लागू होने से अधिकारी-कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ है वे चिंतामुक्त हो गए है। इस निर्णय से अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल ऊंचा रहेगा और पहले से अधिक समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों को निर्वहन कर पाएंगे।
श्री वर्मा ने कहा कि पूर्व में फेडरेशन द्वारा डी.ए. वार्षिक वेतन वृद्धि बहाली, अनुकम्पा नियुक्ति में सिलिंग हटाने, पुरानी पेंशन बहाली जैसे अनेक मांगों को आपके समक्ष रखा था। इसमें से अधिकतर मांगों को आपके द्वारा पूर्ण किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में हमारे कई कर्मचारी बिछड़ गए। उनके आश्रितों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तृतीय श्रेणी के पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान किया है, जो एक पुण्य कार्य है। इसके लिए भी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।
फेडरेशन ने मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारी-कर्मचारियों की मुख्य मांगों को रखते हुए जल्द पूर्ण करने का आग्रह किया। फेडरेशन के अध्यक्ष श्री वर्मा ने प्रदेश के कर्मचारियों को केन्द्र के समान मंहगाई भत्ता देने, निगम, बोर्ड, मंडल आदि अर्धशासकीय संस्थााओं में पेंशन योजना लागू करने और पिंगुआ कमेटी को रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश देने की मांग की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
