उतई(न्यूज24 कैरेट/सतीश पारख ) शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उतई एवं शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली के प्राचार्य डॉ. राजेश पांडे एवं दोनों महाविद्यालयों में नवपदस्थ सहायक प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का स्वागत समारोह एवं होली मिलन का कार्यक्रम उतई स्थित महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। उत्साह, उमंग एवं सृजनशीलता के त्योहार होली पर प्राचार्य डॉ. पांडे ने दोनों महाविद्यालयों के सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि “हमारा महाविद्यालय एक परिवार की तरह है। हम सभी घनिष्ठ रूप से एक- दूसरे के साथ जुड़े है। साथ-साथ कार्य करते हुए एक-दूसरे के सुख-दुःख में बराबर के भागीदार हैं। मेरी पूरी कोशिश होगी की महाविद्यालय में एक स्वस्थ शैक्षणिक और पारिवारिक माहौल हो और सभी दबाव एवं तनाव मुक्त होकर महाविद्यालय को अपना श्रेष्ठ योग दे सकें।” प्राचार्य डॉ. राजेश पांडे का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए महाविद्यालय के सभी सदस्यों ने उनकी कर्त्तव्यनिष्ठा, समय की पाबंदी, नियमों और कायदों की जानकारी तथा छोटे-बड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को साथ लेकर चलने की उनकी प्रवृत्ति की एक स्वर में सराहना की। उनके लगभग एक माह के कार्यकाल में ही महाविद्यालय में जिस तेजी के साथ सुविधाओं के विस्तार और विकास की दिशा में निरंतर कार्य किये जा रहे हैं, सभी ने समवेत स्वर में उनकी प्रशंसा की। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरूण कुमार मिश्रा, डॉ. मधुलिका रॉय एवं डॉ. सियाराम शर्मा ने अपने संक्षिप्त संबोधन में उक्त भावनायें व्यक्त की। डॉ. पी. वसंत कला, पुस्तकालयाध्यक्ष अब्दुल हबीब कुरैशी एवं ऑफिस स्टाफ गिरिजा के मधुर गायन ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर उतई महाविद्यालय में नवपदस्थ क्रीड़ाधिकारी लोकेश्वर कुमार ठाकुर, इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक रितेश नायक एवं नवीन महाविद्यालय, रिसाली के सहायक प्राध्यापक लिनेन्द्र वर्मा, पूजा पाण्डेय, शम्भु प्रसाद निर्मलकर, रीतु श्रीवास्तव, अतिथि व्याख्याता डॉ. अंकिता नामदेव, महेश कुमार तथा प्रयोगशाला तकनीशियन व्यास नारायण देवांगन तथा कार्यालय सहायक भुनेश्वरी कश्यप का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आत्मीय और सफल संचालन डॉ. रीता गुप्ता ने किया। अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अब्दुल अलीम खान ने पारिवारिक माहौल में उमंग एवं उत्साह के साथ आयोजित इस कार्यक्रम के लिए महाविद्यालय के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय में पारिवारिक और स्वस्थ शैक्षणिक माहौल हो’-डॉ. राजेश पांडे,,,उतई एवं नवीन महाविद्यालय रिसाली के प्राचार्य एवं नवपदस्थ सहायक प्राध्यापकों का स्वागत और होली मिलन समारोह आयोजित
