लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद गरियाबंद में मड़ाई-मेला का शुभारंभ आज से होने जा रहा है। तीन वर्षों में एक बार आयोजित होने वाले इस मड़ाई में लोगों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। कोरोनाकाल के बाद गरियाबंद में मड़ाई-मेला का यह पहला आयोजन है। यह मड़ाई लोगों के आस्था से भी जुड़ी हुई है। जिसके चलते गरियाबंद के मड़ाई-मेला को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा।
वर्षों से चले आ रहे गरियाबंद की पारंपरिक मड़ाई-मेला की शुरुआत आज 4 मार्च शुक्रवार से होने जा रहा है, जो कि हफ्तेभर चलेगा। कृषक पंचायत के तत्वाधान में इस मड़ाई-मेला का आयोजन किए जा रहे हैं, जिसकी पूरी तैयारियां कर ली गई है। नगर स्थित मां शीतला मंदिर सहित मड़ाई स्थल चंडी चौक का रंग-रोगन भी कर लिया गया है। जहां विभिन्न गांवों से देवी-देवताएं यहां पहुंचेंगे। जिनकी विधि-विधान से पूजा करने के पश्चात मड़ाई-मेला की शुरुआत हो जाएगी। इसके अलावा समिति द्वारा नगर के गांधी मैदान में मीना बाजार की व्यवस्था की गई है, जहां आमजन आकर्षक झूले और क्रॉप्ट बाजार का लुत्फ उठाएंगे।
गौरतलब हो कि गरियाबंद का मड़ाई इसलिए भी खास होता है कि यह तीन साल में एक बार आयोजित की जाती है, जिसमें अंचलभर से देवी-देवताएं पहुंचते है। जिनके दर्शन को हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं और इनकी पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं। गरियाबंद मड़ाई को लेकर चौक-चौराहों पर दुकानें सज गई है। वहीं लोगों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। समिति द्वारा आमजनों से कोरोना गाइडलाइन के नियमों के पालन करने अपील की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने भी चाक-चौबंध व्यवस्था की है।
