पाटन। विकासखण्ड पाटन के ग्राम मुड़पार में इन दिनों मुरुम माफियाओं द्वारा धड़ल्ले के साथ अवैध मुरुम खनन किया जा रहा है। इसकी जानकारी न तो खनिज विभाग को है और ना ही पंचायत को। ठेकेदार ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध खनन कर मुरुम परिवहन कर रहे हैं। आलम यह है कि मुरुम वाली जगह में गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। खनन माफियाओं द्वारा आर्थिक हितों के फेर में बेहतरीन ढंग से खोदकर बर्बाद किया जा रहा है और शासन को लाखों का चूना लगाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार मुड़पार में खनिज माफियाओं द्वारा मुरुम खनन का कार्य किया जा रहा है। इसकी जानकारी सरपंच तक को नहीं है। सूत्र बताते है की लगातार यहां एक जेसीबी और 3 हाइवा परिवहन में लगे हुए हैं। मुरूम का अवैध उत्खनन और परिवहन हो रहा है। जेसीबी मशीन से मुरुम खोदकर जमीन को खाई में तब्दील किया जा रहा है। खनिज का बेतहाशा दोहन किया जा रहा है। अभी तक कितना मुरूम निकाला गया है पंचायत प्रतिनिधि भी नहीं बता पा रहे हैं।
