सिंहदेव के ट्वीट पर भाजपा का शायराना पलटवार …… जब कभी दोस्त बन जाये तो शर्मिंदा न हो

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री टी.एस सिंहदेव के ट्वीट को अप्रत्याशित और आश्चर्यजनक कहा है। पार्टी प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि सीएम भूपेश बघेल का भरोसा जीतने के लिए इस तरह बयान देंगे सिंहदेव जी, इसकी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि बाबा का कद काफी बड़ा है और उन्हें अपनी गरिमा के अनुसार ही टिप्पणी करनी चाहिए। उन्हें अपनी शालीनता बनाये रखना चाहिए।

उपासने ने कहा कि टीएस बाबा यह जानते हैं कि भाजपा गिरी हुई नही बल्कि वह पीडि़तों को कलेजे से लगाने वाली पार्टी ल है। कल को कभी सिंहदेव जी के साथ भी सीएम कुछ और ज्यादा गलत करेंगे, तो भाजपा ही उनके हित में भी आवाज़ बुलंद करेगी, जैसा हर पीड़ितों के लिये पार्टी करती है।

उपासने ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने भारत का सम्मान दुनिया भर में उठाया है। आज समूचे विश्व में भारत किस तरह विश्वगुरू के पद पर आसीन हो रहा है यह समूचा भारत न केवल जानता है, बल्कि गर्व भी करता है इस पर।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह हम सब जानते हैं कि शेयर बाजार का हालिया संकट कोई कांग्रेस प्रायोजित प्रतिभूति घोटाले जैसा नहीं है जिसमें तब के कांग्रेसी प्रधानमंत्री पर एक करोड़ रिश्वत लेने का आरोप साक्ष्य के साथ लगे थे। उन्होंने कहा कि यह संकट इंडियन बैंक घोटाले या उससे पहले के अनेक बैंकों को संकट में लाने का काम जिस तरह कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों द्वारा किया गया वैसा भी नहीं है। सिंहदेव जी यह बेहतर जानते हैं कि शेयर बाजार का हालिया संकट अस्थायी है। कोरोना और वैश्विक मंदी के कारण ये हालात हुए हैं, जिसे जल्द ही सुधार लिया जायेगा।.

उपासने ने श्री सिंहदेव से यह आग्रह किया है कि हालात जैसे भी हों उन्हें अपनी शालीनता बनाये रखनी चाहिए। उन्होंने बशीर बद्र का शेर उदधृत करते हुए कहा –

दुश्मनी जमके करो, मगर ये गुंजाईश रहे
जब कभी दोस्त बन जाये तो शर्मिंदा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *