जनजागरण पदयात्रा में कांग्रेसियों ने मोदी सरकार की नीतियों को जमकर कोसा

लोकेश्वर सिन्हा

गरियबन्द  .प्रदेश कांग्रेस कमेटी, एआईसीसी और जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जन जागरण अभियान के तहत पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा गरियबन्द जिले मैनपुर ब्लॉक के ग्राम तौरेन्गा से इंदागाँव तक किया गया। उक्त जनजागरण पदयात्रा में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भावसिंह साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोला जगत सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व आमजन शामिल हुए। इस दौरान लोगों में जनजागरण पदयात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा गया और मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा प्रकट किया गया। लोगों ने इस दौरान कांग्रेसियों को अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। पदयात्रा कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की विफलताओं से संबंधित एवं पेट्रोल, डीजल, गैस, सरसों का तेल, रिफाइंड तेल, सरकारी उपक्रमों के बिक्री के विरोध में जमकर नारेबाजी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई एवं आम जनता से जागरूक होने के लिए अपील की गई।
लोगों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार  केवल बड़े व्यापारियों के भला के लिए दिन-रात योजनाएं बना रही है। इससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है उनका आमजन की भलाई से कोई सरोकार नहीं है। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है लेकिन इसकी मोदी सरकार को कोई चिंता नहीं है। उनकी गलत आर्थिक नीतियों के चलते उनका विरोध करने आज हमें सड़क पर उतरना पड़ा है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। नोटबंदी के बाद हालात लगातार बिगड़ते गए हैं। मंहगाई की मार आम आदमी पर पड़ रही है। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर, राशन, सब्जी किसी भी चीज को ले लें, मंहगाई आसमान छू रही है। इसके उलट प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार आम लोगों के हित में कार्य कर रही है। लोगों को राहत कैसे मिले इसकी चिंता हमारी राज्य की सरकार कर रही है, विगत तीन विपणन सत्र से 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करने का निर्णय किसानों के लिए सबसे बड़ी सौगात है। हमारी सरकार ने आने वाले साल में 2800 रुपये में धान खरीदी करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिससे महंगाई से पीड़ित आम जनता और किसानों को राहत मिलेगी। पूरे देश में हमारी प्रदेश सरकार ही पहली ऐसी सरकार है जो धान की कीमत 2500 रुपये दे रही है और गोबर को भी 2 रूपये प्रति किलो की दर से खरीदकर सीधे पशुपालक किसानों के खाते में राशि भेज रही है।
किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि देश की जनता को महंगाई के आग में झोंक दिया गया है। अर्थव्यवस्था तार- तार हो चुकी है। लोगों का रोजगार  छीनकर अपने चुनिंदा चहेतों को देने का काम चल रहा है। केंद्र सरकार रोजगार के नाम पर झूठ बोल रही है। कांग्रेस पार्टी की यह जनजागरण पद यात्रा देश के आम नागरिकों के सुनहरे भविष्य के लिए है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोला जगत ने भी संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से देश का हर वर्ग परेशान हैं। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान पदयात्रा में आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष खेदू नेगी, जनपद सदस्य डाकेश्वर नेगी, दीपक मंडावी, जनमेजय नेताम, टीकम कपिल, प्रियंका कपिल, दुलेश्वरी नागेश, सिरमोतिन ध्रुव, सविता यादव, गूँजेश कपिल, तनवीर राजपूत, गेंदलाल यादव, अशोक दुबे, जगदीश जगत, बंशीलाल मरकाम, भानु सिन्हा, हेमंत नेताम, ललित सिन्हा, जगबंधु सिन्हा, नयाल नेताम, रामसिंह नागेश, नीरा कपिल, रूपेंद्र सोम, परमेश्वर नेताम, गयचंद कोमर्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *