ग्रामीण प्रतिभा को निखारने का उत्तम मंच है विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता

छुरा :- नगर के उन्मुक्त खेल मैदान पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में महिला खेल प्रतियोगिता संपन्न हुआ। क्रीडा अधिकारी दीनू पटेल के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी रेवेंद्र दीक्षित के कुशल नेतृत्व में विकासखंड के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वेटलिफ्टिंग, रस्साकस्सी, गोला फेंक, तवा फेंक में अपने हुनर का जलवा बिखेरा। श्रीमती धनेश्वरी मरकाम, श्रीमती चित्ररेखा ध्रुव, श्रीमती सपना कंसारी के आतिथ्य में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। वीणापाणी माँ शारदा की स्तुति कर अतिथियों द्वारा टॉस के साथ क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज हुआ। विकासखंड के दूरस्थ वनांचल ग्रामों से भी युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि श्रीमती धनेश्वरी मरकाम ने कहा कि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभा को निखारने का यह उत्तम मंच है। ऐसे खेल आयोजनों से खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल कर सकते हैं। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छुरा और कोसमी टीम का दबदबा रहा। सबसे रोमांचक मुकाबला कबड्डी के मैच में देखने को मिला, जिसमें 18 टीमों ने भाग लिया और महज एक अंक से हार-जीत का निर्णय हुआ। एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर दौड़ में ईशा नायक प्रथम, अंजु ठाकुर द्वितीय, 200 मीटर दौड़ में ईशा नायक प्रथम, संध्या साहू द्वितीय, 400 मीटर दौड़ में रीतु साहू प्रथम, खिलेश्वरी द्वितीय, 800 मीटर दौड़ में वंदना साहू प्रथम, छाया निषाद ने द्वितीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद में अंजू ठाकुर प्रथम, तुलसी नागेश द्वितीय, तवा फेंक मे तामेश्वरी नेताम प्रथम, प्रमिला ठाकुर द्वितीय, गोला फेंक में लक्षन्तिन कोसले प्रथम, तामेश्वरी द्वितीय स्थान पर रही। सामूहिक खेलों के अंतर्गत रस्साकस्सी में छुरा प्रथम, कोसमी द्वितीय, खो-खो में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में छुरा प्रथम, कोसमी द्वितीय, कबड्डी पुरुष वर्ग में खुड़ियाडीही प्रथम, खडमा द्वितीय, महिला वर्ग में छुरा प्रथम, कोसमी द्वितीय स्थान पर रहा। पुरस्कार वितरण समारोह जनपद पंचायत अध्यक्षा श्रीमती तोमेश्वरी मांझी, नगर पंचायत अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, वरिष्ठ पार्षद अशोक दीक्षित, पूर्व पार्षद अवधेश प्रधान और प्रधान पाठक अशोक मिश्रा के आतिथ्य में संपन्न हुआ। श्रीमती तोकेश्वरी मांझी ने मुख्य अतिथि की आसंदी से कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है। खेल से मानसिक और शारीरिक दोनों विकास होता है। सभी विजयी खिलाड़ियों को बधाई दी। हारे हुए खिलाड़ियों को अनूठे अंदाज में प्रेरित करते हुए कहा कि हार के बाद ही जीत है। खोमन चंद्राकर ने कहा कि असफलता ही सफलता की प्रथम सीढ़ी है। हमें हार से निराश न होकर जीतने के लिए सतत प्रयास करना चाहिए। अशोक दीक्षित ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अथक परिश्रम से सफलता अवश्य मिलती है। जीत से अधिक उत्साहित और हार से निराशा नहीं आनी चाहिये। कोसमबुड़ा के सरपंच कौशल सिंह ठाकुर, सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष उमेन्द्र सिंह सोरी, समाजसेवी मनोज पटेल, शीतल ध्रुव, पुनीत ठाकुर ने भी उपस्थित होकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। समापन समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। प्रतियोगिता के सुचारू रूप से संचालन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों को मोमेंटो से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा और आभार प्रदर्शन शिक्षक टंकेश्वर मरकाम ने किया। प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित संचालन में पी. एस. ठाकुर, टंकेश्वर मरकाम, गिरिवर निषाद, पुरानिक नागेश, श्रीमती राजेश्वरी ठाकुर, श्रीमती मीना यादव, श्रीमती हेमबाई ध्रुव, राजकुमार लहरे, शिव ठाकुर, चंद्रभूषण निषाद, भूपेंद्र ध्रुव, यूनुस परवेज खान, डोमेश्वर ध्रुव, अनवर खान, जागेश्वर ध्रुव, देवनारायण यदु, लारेंस महिलाने, का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *