धमतरी। बेमौसम भारी बारिश के कारण किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। खेत में खड़ी उनकी फसल बर्बाद हो गई है। भाजपा आदिवासी नेत्री एवं धमतरी जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव ने कहा कि किसानों के नुकसान को देखते हुए भूपेश सरकार किसानों को अर्थिक सहयाता दें। उन्होंने बताया कि किसानों को राहत देने के लिए अलग-अलग राज्य की सरकारें आर्थिक सहायता राशि का ऐलान कर रही हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश के भूपेश सरकार भी किसानों के लिए कृषि राहत पैकेज की घोषणा कर आर्थिक मदद करनी चाहिए। इसके तहत फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर के हिसाब से 15 हजार से 20 हजार रुपए की सहायता राशि दी जानी चाहिए। अनीता ध्रुव ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार खुद को किसान हितैषी एवं गरीबों की सरकार बताती है। प्रदेश के मुखिया स्वयं को किसान बताते हैं, तो क्या उन्हें किसानों की पीड़ा दिखाई नहीं देती? उन्होंने कहा कि किसान कर्ज लेकर कड़ी मेहनत से खून पसीने एक कर 4 महीने खेती करते हैं, लेकिन कटाई के समय बेमौसम बारिश से उनकी मेहनत पानी पानी हो जाता है। कहा कि किसान की पीड़ा को किसान की समझ सकता है। पूरे प्रदेश में लगातार बेमौसम हो रही बारिश से किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। करोना काल में आम लोग सहित किसान परेशान हुए हैं। ऐसे में फसलों की कटाई के समय मौसम की मार ने किसानों पर खासा प्रभाव डाला है। धान की फसलों के अलावा फलों, सब्जियों एवं अन्य उपज को भी भारी नुकसान हुआ है जिससे किसानों की कमर टूट गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार तत्काल किसानों को आर्थिक सहयोग करें।
भूपेश सरकार किसानों को राहत पैकेज की घोषणा कर अर्थिक सहयाता दें-अनीता ध्रुव …बेमौसम बारिश से किसानों को हो रही आर्थिक क्षति
