बोनस ने भारतीय बाजार में बहुत जल्द नए इलेक्ट्रिक स्कूटर बोनस इन्फिनिटी लॉन्च करने की घोषणा कर दी है. कंपनी का दावा है कि इन्फिनिटी ईवी मेड-इन-इंडिया है जिसे बेहतर ‘स्टेट-ऑफ-आर्ट’ पुर्जों के अलावा इंटेलिजेंट फीचर्स दिए गए हैं. इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता भारत में ई-स्कूटर की प्री-बुकिंग जल्द ही शुरू करने वाली है, वहीं जनवरी 2022 से इसे ग्राहकों को सौंपने का काम शुरू किया जाएगा. फिलहाल कंपनी ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमतों का ऐलान नहीं किया है, हालांकि दिसंबर के पहले हफ्ते में इसकी घोषणा भी कर दी जाएगी.
बोनस इन्फिनिटी स्कूटर के साथ स्मार्ट, अलग होने वाली लिथियम-आयन बैटरी दी गई है. जरूरत पड़ने पर इस बैटरी को स्कूटर से अलग किया जा सकता है और सहूलियत के हिसाब से इसे चार्ज किया जा सकता है. कंपनी स्कूटर में अनोखा ‘बैटरी ऐज अ सर्विस’ विकल्प भी दे रही है जहां ग्राहक बिना बैटरी के भी स्कूटर को खरीद सकते हैं, इससे ये स्कूटर बहुत किफायती हो जाता है. इसके बाद ग्राहक बोनस के बैटरी-स्वैपिंग नेटवर्क की मदद से शुल्क जमा कर डिस्चार्ज बैटरी की जगह फुल चार्ज बैटरी स्कूटर में लगा सकते हैं. इस विकल्प से बैटरी लगी स्कूटर के मुकाबले 40 प्रतिशत कम कीमत पर बिना बैटरी वाले स्कूटर को खरीद सकते हैं.
कंपनी ने नई इन्फिनिटी ईवी की अबतक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. इसी बीच कंपनी ने घोषणा की है कि, 2021 में 22मोटर्स का 100 प्रतिशत अधिग्रहण लगभग 52 करोड़ रुपए में कर लिया है. इस डील के अंतर्गत इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता ने 22मोटर्स के राजस्थान स्थित भिवाड़ी प्लांट और वहां की संपत्ति पर अधिकार जमा लिया है. इस प्लांट में सालाना 1,80,000 स्कूटर्स का उत्पादन किया जा सकता है, इसके अलावा कंपनी ने दक्षिण भारत में भी नया प्लांट शुरू करने की नीति का ऐलान कर दिया है. इस स्कूटर का मुकाबला Ola S1 और TVS आईक्यूब के साथ बहुत से बाकी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से होने वाला है.
