रिपोर्ट-अंकित बाला
उत्तर बस्तर कांकेर। कलेक्टर चन्दन कुमार ने आज पखांजूर, भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकांदल में पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की बैठक लेकर धान के बदले अन्य लाभकारी फसल जैसे कोदो, कुटकी रागी और मक्का इत्यादि फसल लेने वाले किसानों का राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत पंजीयन कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर चन्दन कुमार द्वारा समीक्षा करते हुए संबंधित क्षेत्र के पटवारी, राजस्व निरीक्षण और कृषि विस्तार अधिकारियों को गिरदावरी से मिलान करते हुए धान के बदले अन्य लाभकारी फसल बोने वाले किसानों का पंजीयन कराने के लिए निर्देशित किया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि भानुप्रतापपुर तहसील में धान के बदले अन्य फसल लेने वाले 386 किसानों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिसमें से 370 आवेदनों का पंजीयन किया जा चुका है। इसी प्रकार दुर्गूकोंदल तहसील के 999 और पखांजूर तहसील के 711 किसानों का पंजीयन किया गया है। विकासखण्डवार पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र किसान इससे वंचित न हो।
बैठक में एस.डी.एम. जितेंद्र यादव, एसडीएम पखांजूर धनंजय नेताम, सहकारिता विभाग के उप पंजीयक आर.आर.मरकाम, तहसीलदार मोक्षदा देवांगन, कृषि विभाग के सहायक संचालक जितेन्द्र कोमरा और नोडल अधिकारी कन्नौजिया सहित संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किया आमागढ़ हाईस्कूल का आकस्मिक निरीक्षण
कलेक्टर चन्दन कुमार ने आज दुर्गुकोंदल विकासखण्ड के हाईस्कूल आमागढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा पठन-पाठन एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। प्रभारी प्राचार्य रघुनाथ साहू ने बताया कि विद्यालय में परीक्षा संचालित किया जा रहा है। कक्षा 09वीं में 23 तथा 10वीं में 13 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कलेक्टर चंदन कुमार द्वारा स्कूल निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित पाये गये।
