ग्राम औंधी पाटन में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक के माध्यम से मिली नेत्र ज्योति


पाटन—कोविड-19 की लहरों के बीच ग्राम औंधी विकासखंड पाटन की श्रीमती संतरा बाई अपने नेत्र की समस्या से परेशान थी। बुजुर्गों के लिए बहुत कठिन समय था, घर से बाहर निकलना! दूर अस्पताल तक जाकर अपना जांच इलाज कराना! इस बीच जब ग्राम औंधीकी मितानिनों के माध्यम से संतरा बाई को पता चला कि ग्राम औंधी में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के तहत चिकित्सकों का दल प्रति सप्ताह आता है तो संतरा बाई अपनी आंखों की जांच करवाने हाट बाजार क्लीनिक ग्राम औंधी पहुंची । नेत्र सहायक अधिकारी श्रीमती जसविंदर विरदी द्वारा उनकी आंखों की जांच की गई और जांच में उनके बाएं आंख में मोतियाबिंद होने की पुष्टि की गई। सलाह दी गई कि जल्द से जल्द मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराना उचित होगा जिससे आगामी समय में नेत्र की ज्योति संबंधित कोई जटिलता ना आवे। संतरा बाई को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई 3 विकासखंड पाटन ले जाकर कोविड-19 आरटीपीसीआर जांच एवं अन्य जांच निशुल्क हुआ एवं उनके परिवारजनों की भी आरटीपीसीआर आदि जांच करवाई गई । सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर नेत्र सहायक अधिकारी द्वारा संतरा बाई को जिला अस्पताल दुर्ग ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। जिला अस्पताल दुर्ग के चिकित्सकों द्वारा ईसीजी एवं अन्य मेडिकल फिटनेस प्राप्त होने पर उनका निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन जिला चिकित्सालय दुर्ग में सफलतापूर्वक किया गया। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद ग्राम औंधी के ही मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक में उनका सतत फॉलोअप जांच किया गया एवं नेत्र ज्योति बहुत अच्छी पाई गई। संतरा बाई ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना को बहुत सफल बताया एवं घर के नजदीक ही जांच आदि की सुविधा होने पर क्लीनिक के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया एवं छत्तीसगढ़ शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना की सफलता हेतु शुभकामनाएं दी।
खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन ने बताया कि कलेक्टर जिला दुर्ग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महोदय एवं नोडल अधिकारी (मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना) जिला दुर्ग के मार्गदर्शन में विकासखंड में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना हेतु दो डेडिकेटेड वाहन की व्यवस्था की गई है एवं चिकित्सकीय दल के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सेवा एवं सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *