दूसरी डोज के लिए जद्दोजहद- टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन खत्म

-छुरा —गरियाबंद जिले में वैक्सीन की कमी, टीकाकरण केन्द्रों में कोरोना वैक्सीन खत्म, टीकाकरण केंद्र मड़ेली एवं आसपास के लोग निराश लौटे।
गरियाबंद जिले में एक बार फिर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।कोरोना मामलों के बीच लोग वैक्सीन लगाने के लिए टीकाकरण केन्द्र पहुंच रहे हैं लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण उन्हें सेन्टर से खाली लौटना पड़ रहा है। दरअसल दूसरी डोज की तारीख आ जाने के बाद भी जिले के टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन नहीं पहुंच पा रहे है। इस कारण से लोग बेहद परेशान हैं।
लोगों का कहना है कि कितने दिन के अंदर लगवा लेना चाहिए वैक्सीन की दूसरी डोज – कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल है। वैक्सीन की दूसरी डोज की समय-सीमा को लेकर जानकारों ने बताया कि कोविशील्ड की 56दिन में और कोवैक्सीन की 42 दिन मेंं दूसरी डोज लगवा सकते हैं। लेकिन अब पूछने पर कहा जाता है कि वैक्सीन की दूसरी डोज 90 दिन में लगवाई जा सकती है। इसलिए लोगों के मन में कई तरह के सवाल है। आम जनता का कहना है कि उन्हें न तो वैक्सीन मिल पा रही है न ही सही तरह से जानकारी। ऐसे में अब यह समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए, कैसे वैक्सीन लगाया जाए। लोगों का कहना है कि काफी ज्यादा समस्या हो रही है। टीकाकरण केंद्र पर कोरोना वैक्सीन की डोज यदि खत्म होती है तो हमें दूसरे दिन क्यों बुला लिया जाता है, हमें कहा जाता हैं कि कल आइए और आने पर पता चलता है कि वैक्सीन ही नहीं है, रोजमर्रा के काम छोड़कर वैक्सीन लगाने के लिए पहुंचे हैं लेकिन यहां कोई जानकारी नहीं दी जा रही है, केवल केन्द्र के बाहर नोटिस लगा दिया जाता है,न ऑनलाइन जानकारी दी जाती है और न ऑफलाइन।
केंद्र और राज्‍य सरकार एक ओर सभी लोगों को कोरोना वैक्‍सीन उपलब्‍ध कराने का दावा कर रही है, वहीं हकीकत इसके विपरीत है। टीकाकरण केंद्र पर वैक्‍सीन खत्‍म हो गई और लोग निराश होकर घर लौट रहे हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए सरकार अधिक से अधिक लोगों को टीका लगवाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए सरकारी अस्पतालों के अलावा कई केंद्र बनाए गए हैं जहां लोगों को टीका लगाया जा रहा है। लेकिन जिले में टीकाकरण की गति काफी सुस्त चल रही है, क्योंकि जिले को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं मिल पा रही है। जबकि लोग पहले से अधिक जागरूक दिख रहे हैं।
केंद्रों पर ग्रामीण क्षेत्र के पुरुष ही नहीं काफी संख्या में महिलाएं भी पहुंच कर टीका लगवा रही हैं। लेकिन मंगलवार, बुधवार को छुरा ब्लाक अन्तर्गत ग्राम मड़ेली में बने केंद्र पर टीका ही खत्म हो गया। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्र से आई कई महिलाएं बिना टीका लगवाए ही वापस हो गईं। उक्त लोगों ने इस बात की बार-बार जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों से पूछ रहे कि उन्हें कब टीका मिलेगा। इस पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा केवल वैक्सीन आने की बात कही जा रही है, लेकिन कब आएगी यह कोई बता नहीं रहा है। क्योंकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से प्रतिदिन आना संभव नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *