पाटन शहर के हृदयस्थल में बनेगा जिम, गुलमोहर और कदंब के पौधों से पुष्पित-पल्लवित होगा शहर – शहर के बड़े अधोसंरचनाओं का कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने किया निरीक्षण



दुर्ग / पढ़ाई, खेल और मनोरंजन नागरिक सुविधाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण इन तीनों विषयों पर पाटन नगर में तेजी से कार्य हो रहा है। पढ़ाई लिखाई के लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के साथ ही लाइब्रेरी भी तैयार हो रही है। खेलों के लिए इंडोर स्टेडियम और आउटडोर स्टेडियम का ढाँचा खड़ा हो रहा है। यहाँ बैडमिंटन, बास्केटबाल, वालीबाल जैसे खेलों के साथ ही स्क्वैश जैसे खेलों की व्यवस्था भी होगी। सेंट्रल पार्क, हनुमान तालाब और नकटा तालाब में भव्य इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया जा रहा है यहाँ लोगों की शाम की तफरीह के लिए पूरा इंतजाम होगा। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज सभी निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इन्हें गुणवत्तापूर्वक और तय समय सीमा पर पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस मौके पर कलेक्टर ने कहा कि सभी अच्छी सुविधाओं के साथ ही शहर में एक अच्छा जिम भी होना चाहिए। कलेक्टर ने शहर के हृदयस्थल में यह जिम बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को वर्कआउट करने के लिए एक अच्छी जगह मिल पाएगी। इसके लिए जगह का निर्धारण आडिटोरियम के करीब किया गया है। कलेक्टर ने आडिटोरियम भी देखा। यहाँ 300 लोगों के बैठने की कैपेसिटी है। उन्होंने निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसका कार्य जल्दी पूरा करने के निर्देश उन्होंने दिये। कलेक्टर ने हनुमान तालाब और नकटा तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य भी देखा। अधिकारियों ने बताया कि यहाँ पर फूड कोर्ट आदि की व्यवस्था भी होगा। इनके सौंदर्यीकरण का लेआउट प्लान भी कलेक्टर ने देखा। अधिकारियों ने बताया कि इसके लेआउट डिजाइन में आधुनिक मानकों के मुताबिक सब कुछ रखा गया है। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय का भी ध्यान रखें। सेंट्रल पार्क का निर्माण जल्दी पूरा करने के निर्देश भी उन्होंने दिये। कलेक्टर ने सामुदायिक भवन का कार्य भी देखा। इसका काम उन्होंने अगस्त महीने में पूरा करने निर्देश दिये। कलेक्टर ने प्लांटेशन पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल जो प्लांटेशन हुए थे, उनके अच्छे नतीजे रहे हैं। इस बार भी प्लांटेशन किये जा रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्लांटेशन के लिए गुलमोहर और कदंब पर विशेष जोर दें। इन पेड़ों की उत्तरजीविता की दर काफी होती है। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पाटन श्री भूपेंद्र कश्यप भी मौजूद थे। कलेक्टर ने उनसे शहर की समस्याओं की जानकारी भी ली। नगर पंचायत अध्यक्ष ने नागरिक सुविधाओं की दृष्टि से उपयोगी विषयों को कलेक्टर के समक्ष रखा। इस मौके पर एसडीएम श्री विपुल गुप्ता तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *