बिजली के तार से गला घोंटकर युवती की हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बिलासपुर। महमंद के बेल्हा तालाब के पास युवती की हत्या के मामले में पुलिस 24 घंटे बाद भी आरोपित की पहचान नहीं कर पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। डाक्टरों ने जांच के लिए सैंपल लिए है। इसकी स्लाइड फोरेंसिक लैब भेजी जाएगी। रिपोर्ट से युवती से दुष्कर्म हुआ है या नहीं, यह स्पष्ट हो पाएगा। तोरवा थाना क्षेत्र के महमंद स्थित बेल्हा तालाब में बुधवार की दोपहर दो बजे 19 वर्षीय युवती की लाश मिली थी। बिजली के तार से गला घोंटकर युवती की हत्या की गई थी। मौके पर संघर्ष के निशान थे।

वहीं, मृतक के मुंह में पत्ते ठूंस दिए गए थे। आसपास के लोगों ने मृतक की पहचान महमंद निवासी दुर्गा साहू के रूप में की। मृतक के पिता साधु साहू ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी बुधवार की सुबह 10 बजे अपने घर से निकली थी। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला।

दोपहर उनके भतीजों ने बताया कि दुर्गा की लाश बेल्हा तालाब के पास मिली है। इस पर वे परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। मामले में पुलिस बुधवार की शाम चार संदेहियों को थाने लाया था। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है।

महमंद के बेल्हा तालाब के पास दिनभर नशेड़ियों का जमावाड़ा रहता है। वहीं, रात होते ही असामाजिक तत्व वहां पर नशा करते हैं। बुधवार की दोपहर तालाब के पास चार नशेड़ियों के होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस चारों संदेहियों को पूछताछ के लिए थाने ले आई। तोरवा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि पुलिस चारों संदेहियों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *