पाटन। विकासखण्ड पाटन के ग्राम महुदा कोपेडीह अमलेश्वर सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया है। सड़क निर्माण कार्य हुए अभी लगभग एक महीना ही हुआ है। रविवार को हुई हल्की बारिश से सड़क धंसना शुरू हो गया है। 23 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 9.65 किमी सड़क का निर्माण ठेकेदार मे. मित्तल कंस्ट्रक्शन कंपनी धमतरी द्वारा किया गया है। सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुए लगभग एक महीना ही हुआ है और सड़क धंसना शुरू हो चुका है।

गौरतलब हो कि सड़क निर्माण कार्य को लेकर जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू ने जिला पंचायत की सामान्य सभा मे गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाया था तब विभाग के जिम्मेदार अधिकारी द्वारा जिला पंचायत सदस्य को आप इंजीनियर हो क्या कहा गया था। जिसके बाद दोनो के बीच इस बात को लेकर जमकर बहस भी हुआ था। जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू ने कहा कि उनके द्वारा सड़क निर्माण कार्य किये जा रहे थे उसी समय विभागीय अधिकारियो को ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में लापरवाही बरते जाने के बारे में अवगत करवाया गया था। जहां पर मुरुम डाला जाना था उस जगह में मिट्टी डाल दिया गया था। जिसके कारण सड़क हल्की बारिश में ही धंसना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। अगर ज्यादा बारिश होगी तो सड़क की गुणवत्ता की पूरी कलई खुल जाएगी।
