रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सातवें वेतनमान के एरियर्स की तीसरी किश्त का भुगतान करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया है।
वर्मा ने बयान जारी कर बताया कि फेडरेशन ने 14 सूत्रीय मांगों को लेकर दिसंबर में कलम रख – मशाल उठा आंदोलन तीन चरणों में किया था। 19 दिसंबर को रायपुर में ऐतिहासिक वादा निभाओ महारैली कर अपने मांगों से शासन को ध्यान आकृष्ट किया था।इस धरना प्रदर्शन में प्रदेश भर से हजारों कर्मचारियों ने अपना समर्थन दिया था।फेडरेशन ने अपने मांग पत्र में सातवें वेतनमान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया था।प्रदेश भर के कर्मचारियों में सातवें वेतनमान के एरियर्स की घोषणा से हर्ष व्याप्त है।फेडरेशन ने बजट सत्र के दौरान आईबीसी 24 में टीवी डिबेट के दौरान मंत्री रविन्द्र चौबे के द्वारा अन्य मांगों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित करने संबंधी घोषणा को याद दिलाते हुए अमल करने की मांग को दोहराई है।
फेडरेशन ने सातवें वेतनमान के एरियर्स के लिए सीएम का माना आभार
