पाटन। विकासखण्ड पाटन के ग्राम औरी एवं भाठागांव के पेंशनधारियों के पास बुक में बैंक द्वारा एंट्री नही किये जाने से पेंशनधारियों को उनके खाते में राशि आई है कि नही इस बात की जानकारी नही हो पा रही है। ग्राम पंचायत औरी के सरपंच श्रीमती कंचन सोनवानी ने बतलाया कि उनके पंचायत के वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, निराश्रित पेंशनधारियों के खाते छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक भिलाई-3 और जामगांव(एम) के बैंक में है। बैंक द्वारा खातेदारों के पास बुक में एंट्री नही करने के कारण उन्हें खाते में किस माह की राशि आई है उनकी जानकारी नही हो पाती। जनपद सदस्य उत्तरा सोनवानी ने कहा कि खातेदारों द्वारा उन्हें इस बात की जानकारी देने पर बैंक जाकर पासबुक में एंट्री की बात करने पर कुछ लोगो के पासबुक में एंट्री की गई लेकिन दूसरे दिन फिर से एंट्री करना बंद कर दिया गया। जनपद पंचायत में पता करने पर बतलाया गया है कि अभी तक का पेंशन की राशि हितग्राहियों के खाते में जमा कर दिया गया है।
