पाटन—विदित हो कि पाटन तहसील में सतनामी समाज से 2 स्वतंत्र संग्राम सेनानी हुए जिसमें छाटा से भूतनाथ जी जो विधायक भी रहे एवं सुरपा से महंत पोसूदास जी। तथा जामगांव आर क्षेत्र के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महंत पोसूदास जी के स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल सुरपा का नामकरण “महंत पोसूदास शासकीय हाई स्कूल सुरपा” करने की मांग शासन के स्कूल शिक्षा विभाग से की थी। जिस पर छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय महानदी भवन नया रायपुर से 10 दिसंबर 2020 राज्यपाल के नाम से जारी आदेश में शासकीय हाई स्कूल सुरपा का नामकरण “महंत पोसूदास शासकीय हाई स्कूल सुरपा” किए जाने का आदेश जारी किया गया है। जिसके पालन में जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग द्वारा 14 जनवरी 2021 को प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल सूरपा को विद्यालय का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी “महंत पोसूदास शासकीय हाई स्कूल सुरपा”के नाम पर किए जाने की आदेश जारी किए हैं।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महंत पोसूदास जी को दिए इस सम्मान से क्षेत्र के लोगों सहित तहसील सतनामी समाज पाटन के सभी पदाधिकारी एवं समाज के लोगों ने माननीय भूपेश बघेल मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अमूल्य योगदान को तहसील सतनामी समाज पाटन देता है सम्मान-
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से मशहूर पाटन क्षेत्र में स्वतंत्र संग्राम सेनानियों को यथोचित सम्मान दिया जाता है इसके साथ ही साथ सतनामी समाज से भी हुए दो स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को तहसील सतनामी समाज पाटन भी प्रत्येक वर्ष तहसील स्तरीय जयंती समारोह में “वीरता सम्मान”के नाम से याद रखते हैं एवं सम्मान देते हैं। इसके तहत समाज के ऐसे व्यक्ति जो समाज एवं क्षेत्र में अपने साहसिक कार्यों एवं मानव समाज देश भक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिए हो उन्हें वीरता सम्मान से सम्मानित किया जाता है।
गत वर्ष तहसील स्तरीय गुरु घासीदास जयंती समारोह में कापसी के राकेश कुमार देशलहरे को महादेव घाट पुल के नीचे खारुन नदी में डूबते हुए बच्चे को बचाने के साहसिक कार्य पर स्वतंत्र संग्राम सेनानी भूतनाथ एवं महंत पोसूदास के स्मृति में वीरता सम्मान से मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान दिया गया था। तथा इस वर्ष भी 28 जनवरी 2021 को आयोजित होने वाली तहसील स्तरीय गुरु घासीदास जयंती एवं लोकार्पण समारोह पाटन में मुख्यमंत्री के हाथों वीरता सम्मान दिया जाएगा।
