भिलाई नगर। भिलाई निगम के जोन क्रमांक 1 अंतर्गत दो स्थानों पर शुक्रवार को कार्रवाई की गई! लगातार तीसरे दिन अतिक्रमण के खिलाफ निगम ने कार्रवाई की है! नेहरू नगर जोन की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ बेदखली अभियान चलाया। फेसिंग को तोड़कर कर कब्जा खाली कराया गया। जोन-1 के सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे ने बताया कि संजय नगर सुपेला में मनोहर देवांगन की जमीन पर सोनू सिंह ने कब्जा कर लोहे का दरवाजा लगा दिया था। जिसकी शिकायत जोन के अधिकारियों से की गई थी। जोन के अधिकारियों के निर्देशानुसार सोनू सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई और लोहे का दरवाजा को निकाला गया। सनातन नगर कोहका स्थित सिन्हा भवन के बाजू में रोड किनारे की जमीन पर बारबेट तार से फेसिंग कर नाली पर कब्जा कर लिया था। इससे क्षेत्र के रहवासियों को सामाजिक भवन में आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता था। जिसे कर्मचारियों ने तोडफ़ोड़ कर कब्जा खाली कराया। पुन: कब्जा की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। विदित है कि इसके पूर्व वार्ड क्रमांक 14 रामनगर में नाली के ऊपर अतिक्रमण करने पर दुकान को तोड़कर कब्जा हटाया गया था, सुपेला लक्ष्मी मार्केट एवं फरीद नगर में भी अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
