उतई।लॉकडाउन के दौरान निजी स्कूलों द्वारा वसूली जा रही मनमानी फीस और फीस वसूलने के लिए Online Class लगाने के निर्णय का विरोध तेज हो गया है। सरकार ने केवल ट्यूशन फीस लेने को कहा है तो निजी स्कूल संचालकों ने सारी फीस को ट्यूशन फीस में जोड़ कर राशि बढ़ा दी है। इसका विरोध करते हुए कृष्णा पब्लिक स्कूल उतई के पालकों ने पालक संघ का गठन कर स्कूल मैनेजमेंट से मुलाकात की।
पालक संघ द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्राचार्य प्राशी तिवारी से सोमवार को पालक संघ की प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात किया। पालकों की मांग है कि लॉकडाउन में बच्चों से पूरा टयूशन फीस लिया जा रहा है। जो कि अनुचित है। अप्रेल, जून में बच्चो की पढ़ाई नही हुआ। जिसके बाद भी पूरा फीस मांगा जा रहा है। इसलिये अप्रेल एवं जून महीने का फीस नही लिया जावे। फीस में 40 प्रतिशत कमी की जाए। ऑनलाइन पढ़ाई से बच्चो के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है जिसका उचित समाधान किया जाये। प्रतिनिधि मंडल में नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेन्द्र हिरवानी, उपाध्यक्ष रविन्द्र वर्मा,डॉ मनीष दास, चुरेन्द्र कुमार, हितेश साहू, किशन हिरवानी लक्ष्मीनारायण साहू शामिल थे। प्राचार्य द्वारा पालकों की मांग पर मैनेजमेंट से चर्चा करने के बाद निर्णय लेने की बात कही गई।
इससे पहले पालकों द्वारा दशहरा मैदान उतई में सुबह 9 बजे बैठक आयोजित की गई। जिसमें लॉकडाउन के दौरान बच्चों की पढ़ाई सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई। मौके पर चिन्मय मुखर्जी, चंद्रशेखर वर्मा,अनिल साहू, बलराम यादव,उदय देवांगन,संजय साहू, सतीश साहू ,नीलम गोस्वामी,राजेश यादव,विकास साहू,संतोष वर्मा, राजेश राय,वीणा साहू, उपेंद्र वर्मा, ए के.डिंडेकर, रविशंकर गिरी गोस्वामी सहित अन्य उपस्थित थे।
