? रिपोर्टर विक्रम कुमार नागेश गरियाबंद ब्यूरो
मैनपुर। विगत दिनों एक समाचार पत्र पर “जिला कांग्रेस का जनाधार कम हो रहा” शीर्षक से प्रकाशित समाचार का आज बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों ने खंडन किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के अध्यक्ष मनोज मिश्रा और संगठन ब्लॉक अमलीपदर के अध्यक्ष तपेश्वर राजपूत ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उक्त प्रकाशित समाचार सर्वथा मिथ्या और भ्रामक है जिस भी व्यक्ति के द्वारा ऐसा आरोप लगाया गया है उन्होंने मीडिया के समक्ष अपने नाम और पद का खुलासा नहीं किया है जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि यह किसी स्वार्थपरता और अवसरवादिता से ग्रस्त व्यक्ति और विपक्षी भाजपाइयों की कुटिल चाल है। वर्तमान जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष श्री भावसिंह साहू जी कर्मठता एवं सक्रियता से ओतप्रोत रहकर निरंतर पार्टी के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं जो निसंदेह पार्टी के लिए सकारात्मक परिणाम स्वरूप होगा। रही बात जिला कांग्रेस कमेटी के नए भवन निर्माण के आधारशिला में कम उपस्थिति की, तो वर्तमान में व्याप्त वैश्विक महामारी के चलते हो रही परेशानियों के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसी बनाये रखने व अत्यधिक भीड़ न करने की प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशानिर्देश के पालनार्थ कार्यकर्ताओं ने इस दिशानिर्देश का पालन किया व भारी बारिश के चलते कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने में परेशानी हुई फिर भी व्यापक संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति बनी रही जो आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी के लिए सकारात्मक ऊर्जा लेकर आएगी और आने वाले समय में इसका सुखद परिणाम भी देखने को मिलेगा। इस प्रकार की मिथ्या और भ्रामक खबरें सिर्फ विपक्षी की कुटिल चाल से ज्यादा कुछ नहीं है ऐसी खबरों से हम कांग्रेसियों का मनोबल नहीं टूटता बल्कि और भी अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
