भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन तकनीकी शिक्षा विभाग के 32 शासकीय पोलीटेक्निक संस्थाओं में कार्यरत लगभग 450 व्याख्याताओ, सहायक कर्मशाला अधीक्षक एवं ग्रंथपालो की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के आदेश जारी करने, एसोसिएशन आफ इंजीनियरिंग एंड पोलीटेक्निक कालेज टीचर्स गजेटेड आफिसर्स आफ छत्तीसगढ़ ने तकनीकी शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर मांग रखी।
विदित हो कि लोकसेवा आयोग रायपुर से शासकीय पोलीटेक्निक संस्थाओं के लिए वर्ष 2016 में विभिन्न पदों पर चयनित व्याख्याता, सहायक कर्मशाला अधीक्षक एवं ग्रंथपाल पद पर अभ्यर्थियों ने पदभार ग्रहण किया था। शासन ने नियुक्ति आदेश में नवनियुक्त शिक्षकों को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा गया था। अभ्यर्थियों का कार्य परिवीक्षा अवधि में संतोष जनक होने पर शासन से परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के आदेश जारी किए जाने थे। परंतु व्याख्याताओ एवं अन्य पदों पर पदस्थ अधिकारियों के परिवीक्षा अवधि पर 4 वर्ष से अधिक हो गये परंतु शासन ने अभी तक आदेश जारी नहीं किए।
जिससे व्याख्याताओ की चार वार्षिक वेतन वृद्धियां रुकी हुई है। परिवीक्षा अवधि में कार्य संतोषजनक नहीं होने पर शासन से परिवीक्षा अवधि बढ़ाने के आदेश जारी हो जातें हैं। जब तक परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के आदेश जारी नहीं होते तब तक वेतन वृद्धि रुकीं रहेगी। जिससे व्याख्याताओ को मानसिक पीड़ा एवं आर्थिक नुकसान हो रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री शंकर वराठे ने बताया कि वर्ष 2016-17 में छत्तीसगढ़ के तकनीकी शिक्षा के शासकीय पोलीटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न शिक्षकीय पदों पर लगभग 450 शिक्षकों ने पदभार ग्रहण किया था। चार वर्ष पूर्ण हो चुके परंतु अभी तक विभाग से परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के आदेश जारी नहीं हुए। जिसके कारण व्याख्याताओ की चार वेतन वृद्धिया रुकीं हुईं है। जिससे शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है साथ ही शिक्षकों में भविष्य को लेकर भय एवं संशय बना हुआ है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री शंकर वराठे ने आगे बताया कि एसोसिएशन की ओर से शासन को अनेकों बार पत्र लिखकर परिवीक्षा अवधि समाप्त करने की मांग की गई है। लाक डाउन के पूर्व तकनीकी शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री श्री उमेश कुमार पटेल जी से सौजन्य भेंट कर परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के आदेश जारी करने निवेदन किया गया था।
व्याख्याताओ में व्याप्त व्याकुलता को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन ने पुण: माननीय तकनीकी शिक्षा मंत्री जी को संबोधित पत्र लिखकर व्याख्याताओ की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के आदेश जारी करने हेतु विभाग को निर्देशित किए जाने का अनुरोध किया है।
