रायपुर।साहू समाज युवा प्रकोष्ठ रायपुर संभाग द्वारा संभागाध्यक्ष प्यारे लाल साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं पुलिस अधीक्षक जिला धमतरी को ज्ञापन सौंपकर चंद्रदेव साहू हत्याकांड मामले की जांच कर अविलंब दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। ज्ञात हो कि कोडाभार जिला जांजगीर निवासी 23 वर्षीय चंद्रदेव साहू पिता संतोष साहू कुरूद में स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी में फील्ड आफिसर के पद पर कार्य करता था। 20 जुलाई 2020 को सुबह 9:30 बजे कोटरवाही समूह से दस्तावेज लाने अपने बाइक से निकला। इसके पश्चात 10:15 बजे कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप पर चंद्रदेव का वॉइस मैसेज आया कि उसे बोदलबाहरा जंगल में जहर देकर मारा जा रहा है। कंपनी के मैनेजर ने इसकी सूचना धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी एवं पुलिस कंट्रोल रूम ने बड़ी करेली चौकी को निर्देशित किया था बड़ी करेली चौकी ने बोदलबाहरा जंगल में खोजबीन किया तो धनबुड़ा कोटरवाही मार्ग के जंगल में चंद्रदेव की लाश पड़ी मिली। घटनास्थल पर युवक की बाइक जहर की शीशी एवं चाकू भी मिला है। इस घटना को हुए आज लगभग 01 माह हो चुके हैं लेकिन अभी तक हत्यारोपी तक पुलिस पहुचने में असफल रही है । मृतक के पिता संतोष साहू इस मामले में कई बार गुहार लगा चुके हैं। चंद्रदेव अपने परिवार का होनहार और कमाऊ बेटा था जिनकी कमाई से परिवार का गुजर-बसर चल रहा था । इस घटना के पश्चात पूरा परिवार मुश्किल की घड़ी का सामना कर रहा है।घटना घटे इतने दिन गुजर जाने के बाद भी इस मामले में अभी तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से पुलिस पर सवालिया निशान लगने लगे हैं।
गृह मंत्री को ज्ञापन देने वालों में संभाग अध्यक्ष प्यारे लाल साहू के साथ कार्यकारी अध्यक्ष रूप सिंह साहू, उपाध्यक्ष देवेंद्र साहू, महामंत्री प्रकाशमणि साहू, रविशंकर साहू ,संगठन सचिव पवन साहू, डॉक्टर पुनीत साहू ,संयुक्त सचिव विजय साहू अभिषेक साहू, सेवन साहू युवराज साहू, द्वारिका साहू रामेश्वर साहू शामिल थे।
