कांकेर।के.एल. चौहान ने आज जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों सड़क, पूल-पुलिया, भवन इत्यादि के निर्माण में प्रगति की समीक्षा करते हुए विशेष केन्द्रीय सहायता मद, खनिज न्यास निधि और सांसद एवं विधायक निधि अंतर्गत वर्ष 2015-16 से लेकर वर्ष 2018-19 में स्वीकृत सभी कार्यों को 30 सितम्बर तक पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने आज लोक निर्माण विभाग कांकेर एवं भानुप्रतापपुर डिविजन, जिला निर्माण समिति, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सेतु निर्माण संभाग, प्रधानमंत्री सड़क कांकेर एवं भानुप्रतापपुर डिविजन और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा जनपद पंचायतों द्वारा किये जा रहे कार्यों में प्रगति की विभागवार और वर्षवार समीक्षा किया। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जितना काम किया गया है, उतने का ही मूल्यांकन किया जाय, कम कार्य में अधिक काम का मूल्यांकन पाये जाने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। नियमों का पालन करते हुए कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ संजय कन्नौजे सहित सभी निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
