तहसील साहू संघ दुर्ग (शहर) का सांस्कृतिक उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 29 नवंबर को

  • शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे शामिल, सामाजिक प्रतिभाओं का होगा सम्मान

दुर्ग। तहसील साहू संघ दुर्ग (शहर) के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सांस्कृतिक उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविवार, 29 नवंबर 2026 को मानस भवन दुर्ग में किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे से होगा। आयोजन में समाज की एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, हस्तशिल्प विकास बोर्ड छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व अध्यक्ष दीपक ताराचंद साहू, छत्तीसगढ़ साहू संघ रायपुर के महामंत्री राजेश साहू, महिला संयोजिका दिव्या कलिहारी एवं संगठन सचिव सुनील साहू उपस्थित रहेंगे।

वहीं दोपहर 3 बजे से आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भीष्म साहू करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र साहू एवं जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल उपस्थित रहेंगे।

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू, तहसील साहू संघ दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष पुसऊ राम साहू, तहसील साहू संघ अहिवारा के अध्यक्ष ढाल सिंह साहू एवं तहसील साहू संघ धमधा के अध्यक्ष अमर दास साहू शामिल होंगे।

आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है। तहसील साहू संघ दुर्ग (शहर) के अध्यक्ष पोषण साहू सहित पदाधिकारी एवं सदस्यगणों ने समस्त सामाजिक बंधुओं, स्वजातीय परिवारों एवं आम नागरिकों से समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *