सोलर पैनल लगाने का झांसा देकर 34 लाख की ठगी, मुंबई से आरोपी गिरफ्तार

  • कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का दिया था लालच, स्मृतिनगर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायालय में किया पेश

दुर्ग। सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में दुर्ग पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने मामले में आरोपी विवेक मिश्रा को मुंबई से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी की पुलिस रिमांड प्राप्त कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल ने उनसे संपर्क किया था। दोनों ने स्वयं को मुंबई स्थित सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताते हुए बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया था।

व्यावसायिक लाभ का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने प्रार्थी को अपने झांसे में लिया। इसके बाद प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा एवं कोटक महिंद्रा बैंक के अपने खातों से IMPS और RTGS के माध्यम से कुल 34 लाख रुपये कंपनी के एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा कराने के बाद धोखाधड़ी का एहसास होने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की। मामले में थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर सेल और संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी विवेक मिश्रा की पहचान हुई। आरोपी मुंबई के बांगुर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य अपराध के मामले में पहले से गिरफ्तार होकर सेंट्रल जेल मुंबई में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध था।

इसके बाद स्मृतिनगर पुलिस ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। न्यायालय में पेश करने के उपरांत पुलिस रिमांड हासिल कर मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोलर पैनल की कम कीमत पर आपूर्ति और इंस्टॉलेशन के नाम पर व्यापारिक लाभ का लालच दिया तथा कंपनी का प्रतिनिधि बनकर विश्वास हासिल किया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 34 लाख रुपये अपने खाते में जमा कराकर धोखाधड़ी की गई।

इस कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर के उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह एवं आरक्षक राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी के साथ ऑनलाइन व्यापारिक लेन-देन करने से पहले उसके पंजीयन, कार्यालय और बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। बाजार दर से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान देने के प्रस्तावों से सावधान रहें तथा बिना सत्यापन के किसी अनजान व्यक्ति या कंपनी के खाते में बड़ी रकम जमा न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *