कूटरचित हस्ताक्षर से पैतृक जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

फर्जी इकरारनामा और बिक्री नामा बनाकर पत्नी के नाम कराई जमीन की रजिस्ट्री, हैंडराइटिंग जांच में खुली दस्तावेजों की पोल

उतई। पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपने नाम कराने के कथित मामले में उतई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर भूमि स्वामी के कूटरचित हस्ताक्षर कर फर्जी इकरारनामा एवं बिक्री नामा तैयार करने और उसके आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप है। पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डुण्डेरा निवासी पन्ना लाल साहू (47 वर्ष) ने 26 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्व. बोधीराम साहू के स्वामित्व एवं आधिपत्य की पैतृक कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू एवं अन्य सहयोगियों द्वारा आपसी मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए।

शिकायत के मुताबिक 24 सितंबर 2022 को फर्जी इकरारनामा तैयार किया गया तथा 18 नवंबर 2022 को स्व. बोधीराम साहू के नाम से कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा बनाया गया। इन दस्तावेजों के माध्यम से उक्त कृषि भूमि को शिवकुमार साहू की पत्नी सीमा साहू के नाम कराने के लिए रजिस्ट्री की कार्रवाई की गई।

विशेषज्ञ जांच में फर्जी हस्ताक्षरों का खुलासा

दस्तावेजों की प्रमाणिकता पर संदेह होने के बाद प्रार्थी द्वारा इकरारनामा एवं बिक्री नामा में अंकित हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई गई। विशेषज्ञ की जांच रिपोर्ट में दस्तावेजों पर अंकित हस्ताक्षर स्व.बोधीराम साहू के वास्तविक हस्ताक्षर नहीं होना प्रतिवेदित किया गया। रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार साहू, पिता स्व. महावीर साहू, निवासी राधिका नगर सुपेला, जिला दुर्ग; श्रीमती सीमा साहू, पति शिवकुमार साहू, निवासी राधिका नगर सुपेला तथा कौशल कुमार साहू, पिता आशाराम साहू, निवासी इंदिरा नगर ग्राम डुण्डेरा, जिला दुर्ग शामिल हैं।

महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त

पुलिस ने प्रकरण में प्रार्थी पन्ना लाल साहू द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा शिवकुमार साहू से 18 नवंबर 2022 के बिक्री नामा का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट एवं 24 सितंबर 2022 के इकरारनामा का मूल स्टाम्प पेपर बरामद किया गया। वहीं सीमा साहू से 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प पेपर तथा रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रकरण में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

जमीन संबंधी दस्तावेजों की जांच जरूरी : दुर्ग पुलिस

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कृषि भूमि अथवा अन्य अचल संपत्ति की खरीदी-बिक्री, रजिस्ट्री एवं आम मुख्तारनामा तैयार कराते समय दस्तावेजों की सत्यता और संबंधित पक्षकारों की पहचान का विधिवत परीक्षण अवश्य करें। किसी अन्य व्यक्ति की भूमि को फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से हड़पने या धोखाधड़ी करने की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *