पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू के निवास पर धूमधाम से मनी देवउठनी एकादशी…तुलसी महारानी की पूजा कर प्रदेशवासियों के लिए मांगी सुख-समृद्धि

पाटन: पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने अपने निवास स्थान पर सह परिवार देवउठनी एकादशी व छोटी दीपावली धूमधाम से मनाई। उन्होंने तुलसी महारानी की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

इस पावन अवसर पर यादव समाज द्वारा पशुधन को सोहई पहनाया गया एवं पारंपरिक राउत नाचा किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय व उल्लासपूर्ण हो गया।

” अशोक साहू ने कहा आज का दिन हम सबके लिए बेहद पावन है। देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसी के साथ शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। आज हमने सह परिवार तुलसी महारानी की पूजा की, दीप जलाए और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

तुलसी केवल एक पौधा नहीं, यह हमारे घर की रक्षक, हमारी आस्था और हमारी संस्कृति की प्रतीक हैं। जिस घर में तुलसी की पूजा होती है, वहां सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। मेरा विश्वास है कि तुलसी महारानी का आशीर्वाद हर परिवार पर बना रहेगा, हर किसान के खेत में अच्छी फसल होगी, हर व्यापारी के व्यापार में बरकत होगी और हर युवा के जीवन में नई उमंग आएगी।

आज यादव समाज के भाइयों ने पशुधन को सोहई पहनाकर और राउत नाचा कर जो परंपरा निभाई है, वह छत्तीसगढ़ की आत्मा है। पशुधन हमारे किसान भाइयों की सच्ची संपत्ति है, उनकी आजीविका का आधार है। राउत नाचा सिर्फ नृत्य नहीं, यह हमारी माटी की खुशबू है, हमारे पुरखों की धरोहर है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखती है।

छोटी दीपावली का यह पर्व हमें संदेश देता है कि जीवन में चाहे कितना भी अंधेरा हो, एक छोटा सा दीप भी उसे दूर कर सकता है। आज के दीप हमारे जीवन के अंधेरे को दूर करें, आपसी मनमुटाव को मिटाएं और प्रेम, सद्भाव व भाईचारे की रोशनी फैलाएं।

मैं सभी प्रदेशवासियों को देवउठनी एकादशी व छोटी दीपावली की हृदय से शुभकामनाएं देता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपका घर-आंगन सदैव खुशियों से भरा रहे, आपके परिवार में सुख-शांति बनी रहे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। इस अवसर पर परिवारजन, यादव समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *