- मोटर पंप की केबल वायर, पैनल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी से किसान परेशान, एक के बाद एक घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी
पतोरा। ग्राम पतोरा में इन दिनों अज्ञात चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। चोरों ने किसानों के खेतों में लगे मोटर पंप को निशाना बनाते हुए केबल वायर, पैनल, बल्ब, होल्डर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। लगातार हो रही चोरी से क्षेत्र के किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मंडी बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी साहू के खेत, जो ग्राम के मुक्तिधाम के पास स्थित है, वहां से भी चोरों ने सामान पार कर दिया। इसी तरह किसान चुन्नीलाल साहू के पेट्रोल पंप स्थित खेत, बीरेन्द्र ठाकुर के खेत, जहां वे रेगहा लेकर खेती करते हैं, तथा हरीश ठाकुर के खेत में लगे मोटर पंप को भी चोरों ने निशाना बनाया है।
वहीं ग्राम सेलूद के एक किसान के पतोरा खार में सिक्सलेन सड़क के पास स्थित खेत से भी मोटर पंप का पैनल और केबल वायर काटकर चोरी कर लिया गया है।
खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप और बिजली उपकरणों की चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में इस तरह की घटनाएं किसानों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अलग-अलग खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से खेतों में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अज्ञात चोरों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
