पाटन। पाटन क्षेत्र के सिकोला मार्ग पर हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गुरुवार को ए.के. गोयल इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस और बाइक के बीच हुई भिड़ंत में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस क्रमांक CG 04 RC 1135 महामाया मंदिर रोड से सिकोला की ओर जा रही थी। इसी दौरान शराब भट्टी के पास बस की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान द्रोणाचार्य साहू एवं टोमेश्वरी साहू के रूप में हुई है। दोनों रायपुर जिले के ग्राम भुरकुनी (रवेली) के निवासी बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, दंपती पाटन विकासखंड के ग्राम कौही में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
स्कूल बसों की निगरानी कौन कर रहा है?
इस घटना ने स्कूल बसों के संचालन की व्यवस्था पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत पैदा कर दी है। स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी केवल बच्चों को विद्यालय लाने और घर पहुंचाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।
अब सवाल यह है कि क्या बसों का संचालन निर्धारित यातायात नियमों के अनुरूप किया जा रहा है? यदि जांच में चालक की गलती या किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी?
सड़क पर अव्यवस्था भी बनी चिंता का विषय
स्थानीय स्तर पर इस मार्ग की यातायात व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं। गौरतलब हो कि उस मार्ग में शराब दुकान के आसपास संचालित चखना सेंटरों के कारण सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन में परेशानी होती है। पास में पेट्रोल पंप होने के कारण महिलाओं, बच्चों और अन्य नागरिकों को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है।
ऐसे में प्रशासन को इस मार्ग की यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सड़क पर होने वाली गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
फिलहाल पाटन पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। यह घटना केवल दो लोगों की असमय मौत का मामला नहीं है, बल्कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था और जिम्मेदार परिवहन संचालन की आवश्यकता की ओर भी ध्यान आकर्षित करती है।
