- घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार करने वाले आरोपियों से करीब 10 लाख की संपत्ति बरामद, ACCU और पाटन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पाटन। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रार्थिया की पड़ोस में रहने वाली महिला, उसका पति और एक परिचित शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं ज्वेलर्स दुकान से चोरी के जेवरात, नगदी रकम, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी, बिजली ऑफिस के पीछे पाटन निवासी कल्याणी देवांगन (46 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के कमरे में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ था। पेटी में रखे उनके, उनकी बहन और माता के पुराने सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम गायब थी।
शिकायत पर पाटन पुलिस ने अपराध क्रमांक 379/2026, धारा 305(क), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को प्रार्थिया के घर नियमित रूप से आने-जाने वाली पड़ोसी महिला ज्योतिका सिंह पर संदेह हुआ। पूछताछ में ज्योतिका ने अपने परिचित लव कुमार साहू के कहने पर ब्याज में पैसा कमाने के उद्देश्य से चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, ज्योतिका ने चोरी के कुछ जेवरात ज्वेलर्स दुकान में बेचकर नगदी प्राप्त की थी। चोरी के जेवरात और प्राप्त रकम अपने पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया तथा परिचित लव कुमार साहू को देना भी बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद किए।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
ज्योतिका सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान पता पाटन।
मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान पता पाटन।
लव कुमार साहू (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, दाउबाड़ा, नंदिनी, अहिवारा।
आरोपियों से बरामद सामग्री
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ज्योतिका सिंह से करीब 2.95 लाख रुपये, मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया से करीब 89 हजार 500 रुपये तथा लव कुमार साहू से करीब 67 हजार 260 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन शामिल हैं। इसके अलावा ज्वेलर्स दुकान से भी चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
ACCU और पाटन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरे मामले का खुलासा ACCU एवं थाना पाटन की संयुक्त टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की जानकारी दी है।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से घरों में रखे कीमती सामान सुरक्षित रखने और घर आने-जाने वाले व्यक्तियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है।
