नई दिल्ली / रायपुर, 20 नवंबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने AICC सचिवों की नई सूची जारी कर दी है। सूची आते ही छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मच गई है। एक तरफ भूपेश बघेल खेमे के नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिली है, तो दूसरी तरफ सबसे चौंकाने वाला नाम भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का गायब होना है।
AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से 19 नवंबर को जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
छत्तीसगढ़ को मिले 2 नए प्रभारी सचिव
जारी सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव के रूप में जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
भूपेश बघेल ने दी बधाई, बताया गौरव का विषय
पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नवनियुक्त सचिवों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव के रूप में जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह का हम सब स्वागत करते हैं।
बघेल ने कहा कि हर्ष का विषय है कि हमारे युवा नेता पूर्णचंद्र पाढ़ी और नरेश ठाकुर को AICC सचिव नियुक्त किया गया है, यह छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने असम के लिए मनोज चौहान, बॉबी भगत और इफ्तिकार अहमद को भी बधाई दी।
पूर्णचंद्र को ओडिशा, नरेश को गुजरात
सूची के अनुसार पूर्णचंद्र पाढ़ी को ओडिशा का AICC सचिव बनाया गया है। वहीं नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी मिली है। गुजरात में उनके साथ रामकिशन ओझा, सुभाषिनी यादव और हेम सिंह शेखावत भी सचिव होंगे।
सबसे बड़ा झटका: देवेंद्र यादव आउट!
इस पूरी सूची में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला विषय भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का नाम नहीं होना है। देवेंद्र यादव भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव थे। उन्होंने पहले बिहार और अभी गुजरात के प्रभारी के रूप में काम किया था।
लेकिन पूरी लिस्ट में उनका नाम नहीं है। इसका मतलब है कि देवेंद्र को पदमुक्त कर दिया गया है।
क्यों कटा पत्ता? भूपेश से दूरी पड़ी भारी?
पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के बीच प्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव के समय काफी दूरियां आ गई थीं।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान टीम “DY” की मेहनत से देवेंद्र यादव ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का विश्वास अर्जित किया था और राहुल और देवेंद्र के बीच जबरदस्त बॉन्डिंग दिखती थी। यही वजह थी कि लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें बिलासपुर से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया गया और राहुल गांधी ने बिलासपुर में आमसभा भी ली। देवेंद्र यादव दिल्ली प्रवास के दौरान राहुल गांधी के आसपास नजर भी आते थे।
लेकिन अखिल भारतीय कांग्रेस मुख्यालय से जारी सूची में देवेंद्र यादव का नाम न होना राजनीतिक हलचल पैदा करने के लिए पर्याप्त है।
क्या कहता है सियासी गणित?
प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में भूपेश बघेल के वर्चस्व को वजनदार बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि नई सूची में भूपेश खेमे की मजबूत पकड़ दिखी है, जबकि राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले देवेंद्र यादव का बाहर होना बड़े सियासी संकेत दे रहा है।
अब सवाल ये है कि क्या देवेंद्र यादव को कोई और बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी, या ये उनकी सियासी गिरावट की शुरुआत है?
