कौंदकेरा संकुल में शिक्षा व्यवस्था यात्रा में , 10 से अधिक मैडम और सर दो दिनों से स्कूलों से नदारद,,,

खबर,,,,,, हेमंत कुमार तिवारी

राजिम// जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के कौंदकेरा संकुल से शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। कहने को तो एजुकेशन ब्लॉक है फिंगेश्वर पर अगर शिक्षा व्यवस्था यात्रा पर हो तो आगे भगवान ही मालिक है।संकुल क्षेत्र के 10 से अधिक शिक्षकों के कथित तौर पर पिछले दो दिनों से स्कूलों से गायब रहने की जानकारी सामने आ रही है। इन शिक्षकों में संकुल समन्वयक समेत 10 से ज्यादा शिक्षक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक आकस्मिक अवकाश लेकर पिकनिक घूमने गए हुए हैं। शिक्षकों की अनुपस्थिति के चलते स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही जा रही है।जानकारी के अनुसार, कौंदकेरा संकुल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण विद्यालयों का संचालन मुख्य रूप से स्कूल प्रभारियों के भरोसे चल रहा है। जिन शिक्षकों पर बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाने और शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है, उनकी गैरमौजूदगी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि एक ही संकुल के 10 से अधिक शिक्षक एक साथ आकस्मिक अवकाश पर रहते हैं,

तो क्या इसके लिए विभागीय स्तर पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई थी? जब संकुल समन्वयक ही अनुपस्थित हैं, तो निगरानी और व्यवस्था की जिम्मेदारी किसके भरोसे छोड़ी गई है? क्या संबंधित अधिकारियों को शिक्षकों की अनुपस्थिति और उसके कारणों की जानकारी थी?वही, संकुल समन्वयक के अनुसार शिक्षक शिक्षिका ऑनलाइन छुट्टी लिए हुए थे। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह उत्पन्न होता है कि सभी शिक्षक अलग अलग कारण से छुट्टी लिए थे या सभी सभी एक कारण को लेकर छुट्टी पर चले गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये सभी शिक्षक-शिक्षिका ओडिशा के प्रसिद्ध जगन्नाथ पूरी घूमने गए थे। जिसमें संकुल समन्वयक नरेश साहू समेत अंबेश्वरी साहू रोहिना, कल्पना सेन कौंदकेरा, शांति साहू कौंदकेरा, सदाराम साहू कौंदकेरा सहित 10 से ज्यादा शिक्षक-शिक्षिका शामिल हैं।शिक्षा का अधिकार और बच्चों के बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। स्कूलों में नियमित

अध्यापन, शिक्षकों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में एक ही संकुल के 10 से अधिक शिक्षकों की एक साथ अनुपस्थिति का मामला विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।अब देखने वाली बात होगी कि शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या संबंधित स्कूलों की वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी? क्या शिक्षकों के अवकाश की वैधता और पिकनिक पर जाने संबंधी आरोपों की पुष्टि की जाएगी? और यदि लापरवाही सामने आती है, तो क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?

फिलहाल कौंदकेरा संकुल की शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे इन सवालों के बीच सबसे बड़ा नुकसान उन बच्चों का है, जिनकी पढ़ाई शिक्षकों की अनुपस्थिति के चलते प्रभावित हो रही है।इस संबंध में जब संकुल समन्वयक नरेश साहू ने बताया कि सभी शिक्षक ऑनलाइन छुट्टी लिए हैं। वही, इस ट्रिप में उसके खुद के भी शामिल होने के प्रश्न पर उन्होंने फोन कट कर दिया,।खंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर से जब इस संबंध संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नही किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *