पाटन का इंडोर स्टेडियम बदहाली का शिकार, शराबियों और असामाजिक तत्वों का बना अड्डा; लाखों-करोड़ों की संपत्ति भगवान भरोसे

पाटन। नगर पंचायत पाटन में स्थित प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में निर्मित इंडोर स्टेडियम आज बदहाली का शिकार है। जिस स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया था, आज वही स्टेडियम शराबियों और असामाजिक तत्वों का डेरा बनता जा रहा है।

रखरखाव और सुरक्षा के अभाव में स्टेडियम की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। यहां विभिन्न खेलों के लिए रखे गए सामान के दरवाजे पहले ही चोरी हो चुके हैं। वहीं असामाजिक तत्वों द्वारा खिड़की-दरवाजों को तोड़ दिया गया है या चोरी कर लिया गया है। हद तो तब हो गई जब आज सुबह बैडमिंटन खेलने पहुंचे खिलाड़ियों ने देखा कि स्टेडियम का शीशे से बना मुख्य प्रवेश द्वार भी असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया है।

आखिर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस खेल परिसर की सुध कौन लेगा? नगर प्रशासन की ओर से रखरखाव और सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। वहीं पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के चलते असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते दिखाई दे रहे हैं।

खेल से जुड़े स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों ने नगर प्रशासन से मांग की है कि इंडोर स्टेडियम में नियमित रखरखाव के लिए कर्मचारी की नियुक्ति की जाए तथा परिसर की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही पुलिस प्रशासन से स्टेडियम में तोड़फोड़ और चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

खिलाड़ियों का सवाल है कि यदि खेल परिसर ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं आखिर कहां अभ्यास करेंगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *