- बच्चों ने माता-पिता से की अपील—हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं और सुरक्षित घर लौटें
दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 17 नवंबर 2026 को डीपीएस रिसाली के विद्यार्थियों को ट्रैफिक पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी देकर सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया गया।
ट्रैफिक पार्क में विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक, जेब्रा क्रॉसिंग एवं सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों की जानकारी सरल और रोचक ढंग से दी गई। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने स्वयं यातायात जागरूकता की कमान संभालते हुए अपने माता-पिता, परिजनों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बच्चों ने भावुक संदेश देते हुए कहा कि “मम्मी-पापा, हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाना, कार में सीट बेल्ट लगाना, तेज रफ्तार से बचना और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात मत करना। सुरक्षित घर लौटना है, हमें आपका इंतजार है।”
बच्चों के इस संदेश के माध्यम से सड़क सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण पहलू सामने आया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपने परिवार और अपनों की सुरक्षा के प्रति भी एक बड़ा दायित्व है।
यातायात पुलिस दुर्ग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनाने के साथ उन्हें सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनाना है, ताकि बच्चे अपने परिवार एवं समाज में भी यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता फैला सकें।
दुर्ग पुलिस की अपील: आम नागरिक वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन में हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचें। याद रखें, सुरक्षित यातायात हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
दुर्ग पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
