गौठान में पैरा दान करें किसान, प्लांटों को न दें: सेलूद सरपंच खिलेश मारकंडे

पाटन। ग्राम पंचायत सेलूद के सरपंच खिलेश मारकंडे ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों का पैरा (पुआल) बाहरी प्लांटों को देने के बजाय गांव के गौठान में दान करें, ताकि घुमंतू और पालतू मवेशियों के लिए चारे की समस्या को दूर किया जा सके। 

सरपंच खिलेश मारकंडे ने चिंता जताते हुए कहा कि जामगांव एम स्थित बायोगैस प्लांट और अन्य ऑक्सीजन प्लांटों द्वारा क्षेत्र से बड़े पैमाने पर पैरा बटोर कर ले जाया जाता है। पाटन क्षेत्र के गांवों में किसानों को खेत शीघ्र खाली करने का झांसा देकर मशीनों के जरिए पैरे के बड़े-बड़े बंडल बनाकर प्लांट ले जाया जाता  है। इस भारी खपत के कारण गांव के खेत-खलिहान खाली हो जाते हैं पिछले सीजन के खरीफ व रवि फसल में सरकार की योजना बताकर समुह की ग्रामीण महिलाओं के माध्यम से किसानों से अनुमति का फार्म भरवाकर खेतों के सभी पैरे अपने प्लांट में ले जाने से  मूक व घुमंतू पशुओं के सामने चारे का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।

सरकारी योजना के नाम पर गुमराह करने का आरोप

ग्रामीणों और सरपंच ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा गांवों में घूम-घूमकर सरकारी योजना का बहाना बनाकर किसानों से दान के पेपर पर धोखे से हस्ताक्षर कराए लिए जाते  हैं। रबि फसल के बाद अब खरीफ फसल का पैरा भी बाहर ले जाने की तैयारी प्लांट संचालक करने लगे हैं, ऐसा होने से  पशु भूखे भटकने को मजबूर हो जायेंगे।

सरपंच मारकंडे ने प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे की जांच कर पैरा बाहर ले जाने पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने सभी किसान भाइयों से विनम्र आग्रह किया है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और मवेशियों के भरण-पोषण के लिए अपना पैरा स्थानीय गौठान में ही दान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *