पाहंदा में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

  • अमलेश्वर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, बटनदार धारदार हथियार, दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त


पाटन। थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम पाहंदा में आपसी विवाद के दौरान युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम पाहंदा के बाजार चौक के पास आपसी विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने ग्राम पाहंदा निवासी त्रिदेव बंधे पर हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल रायपुर ले जाया गया।
मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 164/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए थाना अमलेश्वर एवं साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम लगातार पतासाजी कर रही थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर के चंगोराभाठा में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपी साहू (32 वर्ष), अंकित सोनकर (19 वर्ष) एवं भेदराज निर्मलकर (25 वर्ष), सभी निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बटनदार धारदार हथियार, मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LG-0726 एवं CG-04-PA-2955 सहित तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।
दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई में थाना अमलेश्वर एवं साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम की भूमिका को सराहनीय बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *