गोड़पेंड्री में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, आंख में चोट के निशान, घटनास्थल पर बिखरा मिला खून


उतई। थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेंड्री में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर और आंख के पास चोट के निशान पाए जाने तथा घटनास्थल पर खून बिखरा मिलने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोड़पेंड्री में व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव की स्थिति और आंख के पास चोट के निशान को देखते हुए घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र पाल (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय नेहरू पाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि वे रोजी-मजदूरी कर परिवार का जीवनयापन करते थे। उनकी बहन ने कमरे में बिस्तर पर उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर उनकी आंख में चोट के निशान और खून दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी ग्रामीण, एसडीओपी पाटन और उतई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जिस कमरे में शव मिला, उसे जांच के लिए बंद कर दिया गया है।
फिलहाल धर्मेंद्र पाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि धर्मेंद्र पाल की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *