दुर्ग। शहर के राजीव नगर वार्ड क्रमांक 4 में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मारपीट और धारदार हथियार से किए गए हमले में चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन की मौत हो गई। घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।
ऐसे हुई घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 नवंबर 2026 की रात्रि को मृतक चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन का आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और एक राय होकर मृतक के साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चंदन को गंभीर चोटें आईं। परिजन एवं अन्य लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में प्रार्थी समारू राम देवांगन निवासी राजीव नगर, दुर्ग की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
8 बालिग आरोपी और 2 अपचारी बालक गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
पंकज ठाकुर (28 वर्ष), पिता केदार ठाकुर।
निखिल ठाकुर (20 वर्ष), पिता संदीप ठाकुर।
खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी (22 वर्ष), पिता केदार ठाकुर।
संगीता ठाकुर (35 वर्ष), पति संदीप ठाकुर।
पुष्पा ठाकुर (30 वर्ष), पति लल्ला ठाकुर।
योगिता ठाकुर (18 वर्ष), पिता संदीप ठाकुर।
संदीप ठाकुर (42 वर्ष), पिता मालिक राम ठाकुर।
सत्या साहू (18 वर्ष), पिता स्वर साहू।
सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 4, राजीव नगर, दुर्ग के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
BNS की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में निरीक्षक नवीन राजपूत द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) एवं 331(8) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
