पंडवानी कलाकार चेतन देवांगन का साहू समाज ने किया सम्मानसाल-श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर दी बधाई, उपलब्धि को बताया पूरे समाज का गौरव


पाटन। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पंडवानी कला के क्षेत्र में प्रतिष्ठित डॉ. तीजन बाई सम्मान से सम्मानित पाटन क्षेत्र के कलाकार चेतन देवांगन का साहू समाज ने आत्मीय सम्मान किया। जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उनके निवास पहुंचकर साल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया और इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में पंडवानी कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान है। चेतन देवांगन ने अपनी कला, प्रतिभा और निरंतर साधना से समाज एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

तहसील साहू संघ पाटन के संगठन सचिव सुरेन्द्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है। लोक कलाकार अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से इस विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं। चेतन देवांगन को मिला यह सम्मान पूरे समाज के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
सम्मान समारोह में जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू, तहसील साहू संघ पाटन के संगठन सचिव सुरेन्द्र साहू, परिक्षेत्र उपाध्यक्ष हेमलता साहू, मोहनलाल साहू, स्थानीय साहू समाज अध्यक्ष प्रहलाद साहू, राजेन्द्र साहू, कुलेश्वर साहू, राजू लाल साहू, तुलाराम साहू, रामकुमार साहू, चेलाराम साहू, उमेश साहू एवं मुकेश साहू सहित समाज के अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
साहू समाज के प्रतिनिधियों ने चेतन देवांगन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी कला और साधना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *