खबर हेमंत कुमार तिवारी,,,,,,,,
छुरा/ शिक्षा विभाग के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय छुरा में पदस्थ लिपिक दिनेश साहू पर एक शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पक्तियां में पदस्थ शिक्षक विकास मिश्रा ने आरोप लगाया है कि वेतन एवं चिकित्सा अवकाश के संबंध में बातचीत के दौरान लिपिक ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और उनके दिवंगत पिता को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामले को लेकर शिक्षक ने जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित लिपिक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।शिकायत के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को लिपिक दिनेश साहू ने अपने व्यक्तिगत मोबाइल नंबर से शिक्षक विकास मिश्रा को फोन किया था। बातचीत के दौरान चिकित्सा अवकाश एवं वेतन संबंधी विषय पर चर्चा हुई। इसी बीच शिक्षक द्वारा फोन किए जाने का कारण पूछने पर कथित रूप से लिपिक ने कहा कि “मैं सब जानता हूं, तुम्हारे आका कौन हैं।” इस पर शिक्षक ने जब पूछा कि उनके आका कौन हैं, तो आरोप है कि जवाब में कहा गया—”तेरा बाप।”शिक्षक का कहना है कि उनके पिता का निधन हो चुका है।

ऐसे में उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। शिक्षक ने दावा किया है कि बातचीत की पूरी कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।

**शिकायत पर जांच समिति गठित
**मामले में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।शिक्षक ने मांग की है कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी कर आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित लिपिक के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए। अब सबकी निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट और शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
