पाटन में जिला स्तरीय तिलहन मेले का आयोजन, किसानों को दी गई उन्नत खेती और कीट प्रबंधन की जानकारी


पाटन। कृषि विभाग द्वारा खूबचंद बघेल सभागार, अटारी पाटन में जिला स्तरीय तिलहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में कृषि विशेषज्ञों ने विभिन्न फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों से संबंधित जानकारी देने के साथ उनके नियंत्रण और उपचार की विधियां बताईं। किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्नत कृषि तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और भारत कृषि प्रधान देश के रूप में जाना जाता है। देश की अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों और मजदूरों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
सांसद ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है। खेती-किसानी के क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों और नई तकनीकों के उपयोग से किसान उन्नत किस्म की फसल तैयार कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने हाल ही में प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। इस अवसर पर किसानों को सरसों के बीज किट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले,जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, कमलेश वर्मा,निशा सोनी, केवल देवांगन, प्रकाश बिजौरा, सहायक संचालक सुमन कोर्राम, रूप सिंह सिन्हा, बीरेंद्र साहू, डेहरलाल, मुकेश मढ़रिया, मानधाता वर्मा, मनीष साहू, हरीश वर्मा, शीतल साहू, नागेश कश्यप, सुनील वर्मा, रूपेंद्र साहू, छगन साहू, ममता वर्मा, योगेश वर्मा, झरना चंद्राकर, सतीश वर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन परमेश साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन वरिष्ठ कृषि अधिकारी पुष्पा राम टेके ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *