भिलाई में आयोजित ‘सांसद-सरपंच संवाद’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस विशेष समारोह में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को ‘सांसद गौरव सम्मान’ से नवाजा।
इस कड़ी में पाटन के प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और पक्षी विशेषज्ञ राजू वर्मा को ‘सांसद गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पर्यावरण, विशेषकर पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों के लिए दिया गया है।
वेटलैंड और प्रवासी पक्षियों के संरक्षण पर विशेष कार्य
राजू वर्मा लंबे समय से क्षेत्र में वेटलैंड्स (आर्द्रभूमि) और पक्षियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आने वाले विभिन्न प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों (माइग्रेटरी बर्ड्स) की अद्भुत फोटोग्राफी की है और उनके रहवास को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इसी समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए सांसद विजय बघेल ने उन्हें मंच पर सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जिला पंचायत सभापति नीलम चंद्राकार, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, राजेश चंद्राकार,सरपंच रवि सिंगौर, सरपंच अध्यक्ष विनय चंद्राकार, रूपेंद्र शुक्ला,नगर पंचायत अमलेश्वर अध्यक्ष दयानंद सोनकर,, सरपंच झीट राजू साहू सहित अन्य सरपंच और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे, जिन्होंने राजू वर्मा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।
