खबर हेमंत कुमार तिवारी,,,,,,,
राजिम/ बरसते पानी के बीच राजिम विधायक रोहित साहू ने चौबेबांधा पहुंचकर दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। राजिम–चौबेबांधा–नवागांव मार्ग के 3.30 किलोमीटर निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये तथा चौबेबांधा–सिंधौरी मार्ग के 3.60 किलोमीटर निर्माण के लिए 4.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार दोनों परियोजनाओं की कुल स्वीकृत राशि 13.65 करोड़ रुपये है। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने गैती चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि मेला स्थल को नए मैदान में स्थानांतरित करने के बाद क्षेत्र की सड़कों का विकास उनकी प्राथमिकता थी। ग्रामीणों की ओर से भी लगातार सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं का काम शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।विधायक ने कहा कि वर्ष 2023 में भाजपा सरकार बनने के बाद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं, गरीब परिवारों के पक्के आवास बन रहे हैं और गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने बताया कि राजिम–छुरा मार्ग का भूमिपूजन भी बारिश के दौरान हुआ था और अब वहां निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। दीपावली के बाद भक्तिन माता चौक से भी सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।निर्माण कार्य में पारदर्शिता पर जोर, ग्रामीण करेंगे निगरानी विधायक रोहित साहू ने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान कहां नाली बननी है और किन स्थानों पर अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करनी हैं, इसकी जानकारी ग्रामीण विभाग को दें। निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। कहीं गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को बुलाकर सुधार कराया जाएगा।

राजिम से महासमुंद तक 236 करोड़ से बनेगी फोरलेन सड़कविधायक ने सड़क विकास की बड़ी सौगात का उल्लेख करते हुए कहा कि राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के लिए पहले 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी। राजिम से आगे सड़क को फोरलेन बनाने की जरूरत को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और विभागीय सचिव से चर्चा कर अतिरिक्त राशि की मांग की।उन्होंने बताया कि प्रयासों के बाद फोरलेन निर्माण के लिए 90 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति मिली है। इस तरह अब राजिम से महासमुंद तक कुल 236 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। परियोजना में नालियों, पुल-पुलियों सहित आवश्यक निर्माण कार्यों का प्रावधान रहेगा। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में बढ़ने वाले यातायात के दबाव को देखते हुए आवागमन अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।विधायक ने महिला समूहों की मांग पर महिला भवन बनाने की घोषणा की। साथ ही चौबेबांधा में लक्ष्मी-गणेश उत्सव समिति के रंगमंच के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी भी दी।क्षेत्रीय नेतृत्व से विकास को मिली गति :
संतोष उपाध्याय कार्यक्रम में राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में चार दशकों के प्रयासों से क्षेत्रीयता का वातावरण मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नेतृत्व जनता की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझकर उन्हें पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है। राजिम विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।
नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने भी सभा को संबोधित किया।इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति नंदिनी ओंकार साहू, नंदिनी कोमल ढीढ़ी, गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, छुरा नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी निषाद, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, , बोधन साहू, राजू साहू, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, जनपद सदस्य आशीष पांडे, चौबेबांधा सरपंच दुलीचंद आंडे, सिंधौरी सरपंच डीगेश्वर साहू, तुमेश साहू, गोपीचंद बनर्जी, मनहरण साहू, नंदू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। लोक निर्माण विभाग राजिम के एसडीओ ज्वालाकांत साहू, इंजीनियर नवीन श्रीवास्तव और मनीष साहू भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार सोनकर ने किया।
