दुर्ग में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, नेटबॉल में दुर्ग का दबदबा

  • भिलाई विद्यालय में हुआ भव्य उद्घाटन, 465 खिलाड़ी और 100 कोच-मैनेजर ले रहे हिस्सा; कराते के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


दुर्ग। भिलाई विद्यालय में बुधवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 465 खिलाड़ी छात्र-छात्राएं और 100 कोच एवं मैनेजर हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के सफल संचालन के लिए दुर्ग जिले के 100 व्यायाम शिक्षक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा संभाग दुर्ग के संयुक्त संचालक के.वी. राव थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने की। विशेष अतिथि के रूप में बोरसी के पार्षद एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री साजन जोसफ तथा सेक्टर-2 भिलाई की पार्षद साधना सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, सहायक संचालक अमित घोष, सहायक संचालक क्रीड़ा कल्पना स्वामी, डीएमसी विनोद सिन्हा और भिलाई विद्यालय के प्राचार्य विजय पवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की नेटबॉल स्पर्धा तथा 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की कराते प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
नेटबॉल में दुर्ग की बालक-बालिका टीमों ने दर्ज की जीत
प्रतियोगिता के पहले दिन नेटबॉल मुकाबलों में दुर्ग की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में दुर्ग ने बस्तर को 22-3 और सरगुजा को 8-1 से हराया। वहीं बालक वर्ग में दुर्ग ने बस्तर को 26-2 तथा बिलासपुर को 20-3 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में बिलासपुर की बालिका टीम ने सरगुजा को 19-2 से हराया, जबकि बालक वर्ग में सरगुजा ने बिलासपुर को रोमांचक मुकाबले में 8-7 से शिकस्त दी।

कराते के 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
कराते के 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग जोन के खिलाड़ियों ने कई भार वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। 35 किलोग्राम से कम वर्ग में चेतन आनंद साहू, 40 किलोग्राम से कम में भूपेंद्र साहू, 45 किलोग्राम से कम में ध्रुवकांत साहू, 50 किलोग्राम से कम में सोनी, 54 किलोग्राम से कम में भास्कर साहू और 58 किलोग्राम से कम वर्ग में प्रसाद ने पहला स्थान प्राप्त किया।
अन्य भार वर्गों में 66 किलोग्राम से कम में बस्तर के त्रिवेंद्र वर्मा, 70 किलोग्राम से कम में रायपुर के निशम साहू, 74 किलोग्राम से कम में बिलासपुर के दिनेश कुमार, 78 किलोग्राम से कम में बिलासपुर के निशम साहू तथा 82 किलोग्राम से कम में रायपुर के वीर साहू विजेता रहे। 82 किलोग्राम से अधिक वर्ग में दुर्ग के गुणेश्वर विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में शिक्षा विभाग के प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी पी.जे. सेबास्टियन, व्यायाम शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य समन्वित रूप से जुटे हुए हैं। प्रतियोगिता 31 अक्टूबर तक जारी रहेगी। उक्त जानकारी इस खेल के मीडिया प्रभारी जयंत वर्मा ने दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *