तेलीगुंडरा में 21 से 25 अक्टूबर तक पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन

पाटन। ग्राम तेलीगुंडरा में गायत्री परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में वैदिक यज्ञ, विभिन्न संस्कार, प्रज्ञा पुराण कथा, स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर सहित अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आयोजन का शुभारंभ 21 अक्टूबर, बुधवार को दोपहर 2 बजे से मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात स्वागत उद्बोधन, मंगल कलश आरती एवं प्रज्ञा पुराण के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।कार्यक्रम के अंतर्गत 22 अक्टूबर, गुरुवार को प्रातः 8 बजे देवावाहन एवं पंचकुण्डीय यज्ञ, दोपहर 1 से 2 बजे तक नारी जागरण तथा अपराह्न 3 बजे से पावन प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा।

23 अक्टूबर, शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से पंचकुण्डीय यज्ञ एवं संस्कार, साथ ही स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से प्रज्ञा पुराण कथा होगी।24 अक्टूबर, शनिवार को प्रातः 8 बजे से पंचकुण्डीय यज्ञ एवं संस्कार, दोपहर 1 से 2 बजे तक शिक्षक सम्मान समारोह तथा अपराह्न 3 बजे से प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा।

25 अक्टूबर, रविवार को पंचकुण्डीय यज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों के साथ पूर्णाहुति, टोली विदाई एवं समापन समारोह संपन्न होगा।आयोजन के दौरान पुंसवन, नामकरण, मुंडन, अन्नप्राशन, विद्यारंभ, दीक्षा एवं यज्ञोपवीत आदि संस्कार निःशुल्क संपन्न कराए जाएंगे। यज्ञ, संस्कार एवं प्रज्ञा पुराण कथा का संचालन शांतिकुंज के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 22 अक्टूबर, गुरुवार को नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत नशा छोड़ने, जीवन बचाने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा। शाम 6 बजे नशामुक्ति रैली आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, प्रबुद्धजनों, युवाओं, मातृशक्ति एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि वे इस धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा समाज में संस्कार, सद्भावना, नारी जागरण एवं नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *