प्रिज्म पब्लिक स्कूल महकाखुर्द में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के साथ आनंद मेले का आयोजन


उतई। प्रिज्म पब्लिक स्कूल, महकाखुर्द में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के साथ आनंद मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संदीप नन्दनवर, चेयरमैन, कंज्यूमर ग्रीवांस रिड्रेसल फोरम, जिंदल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नीलिमा नंदनवार शामिल हुईं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डुमेश कुमार, प्राचार्या स्वर्णलता पाल, असीम साहू एवं परमिता मोहंती की गरिमामयी उपस्थिति रही।


विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विज्ञान मॉडलों और आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और सृजनात्मक क्षमता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर द्रोणाचार्य विद्यालय उतई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहंडोर एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय घुघवा के विद्यार्थियों ने भी अपने विज्ञान मॉडलों के साथ सहभागिता की। वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलूद के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनके बारे में जानकारी प्राप्त की।

आनंद मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ सहयोग, टीम भावना और प्रबंधन कौशल विकसित करने का अवसर मिला। अभिभावकों ने भी मेले में सहभागिता की और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संपूर्ण दायित्व श्री प्रशांत साहू एवं श्रीमती अंजू शर्मा ने संभाला। शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समग्र रूप से यह आयोजन ज्ञान, विज्ञान, कला और मनोरंजन का सुंदर संगम रहा। इसने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *