- उतई पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, धारदार लोहे का हथियार बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
उतई। सेलूद–धरसा रोड पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक व्यक्ति को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे का हथियार बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को थाना उतई पुलिस को सूचना मिली कि सेलूद–धरसा रोड पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर लहरा रहा है और सड़क से गुजरने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान बुधराम जांगड़े (34 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने थाना उतई में अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक दुर्गेश वर्मा सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध हथियार रखने, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय पर कार्रवाई की जा सके।
